Tuesday , March 24 2026

ग्लोबल मार्केट से पॉजिटिव संकेत, एशिया में भी तेजी का रुख

नई दिल्ली : पश्चिम एशिया में सीजफायर को लेकर बने सस्पेंस के बीच ग्लोबल मार्केट से आज पॉजिटिव संकेत मिल रहे हैं। अमेरिकी बाजार पिछले सत्र के दौरान मजबूती के साथ बंद हुए। हालांकि डाउ जॉन्स फ्यूचर्स आज गिरावट के साथ कारोबार करता हुआ नजर आ रहा है। यूरोपीय बाजार पिछले सत्र के कारोबार के बाद मिले-जुले परिणाम के साथ बंद हुए। वहीं एशियाई बाजार में आज आमतौर पर खरीदारी का रुख बना हुआ है।अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप द्वारा पांच दिन तक ईरान के पावर इंफ्रास्ट्रक्चर पर हमला नहीं करने का ऐलान करने के बाद बने सीजफायर के सस्पेंस के बावजूद अमेरिकी बाजार में पिछले सत्र के दौरान तेजी बनी रही। डाउ जॉन्स शुरुआती कारोबार में 1,100 अंक तक उछल गया। हालांकि बाद में ईरान की ओर से जंग जारी रहने का ऐलान किए जाने के बाद इस सूचकांक की बढ़त घट कर 600 अंक रह गई। इसी तरह एस एंड पी 500 इंडेक्स भी 6,651.62 अंक तक उछलने के बाद करीब 70 अंक फिसल कर 1.15 प्रतिशत की मजबूती के साथ 6,581 अंक के स्तर पर बंद हुआ। इसके अलावा नैस्डेक ने 299.15 अंक यानी 1.38 प्रतिशत की तेजी के साथ 21,946.76 अंक के स्तर पर पिछले सत्र के कारोबार का अंत किया। वहीं डाउ जॉन्स फ्यूचर्स आज फिलहाल 142.31 अंक यानी 0.31 प्रतिशत की कमजोरी के साथ 46,066.16 अंक के स्तर पर कारोबार करता हुआ नजर आ रहा है।यूरोपीय बाजार में पिछले सत्र के दौरान मिला-जुला कारोबार होता रहा। एफटीएसई इंडेक्स 0.24 प्रतिशत की कमजोरी के साथ 9,894.15 अंक के स्तर पर बंद हुआ। दूसरी ओर, सीएसी इंडेक्स ने 0.78 प्रतिशत की मजबूती के साथ 7,726.20 अंक के स्तर पर पिछले सत्र के कारोबार का अंत किया। इसी तरह डीएएक्स इंडेक्स 273.67 अंक यानी 1.21 प्रतिशत की तेजी के साथ 22,653.86 अंक के स्तर पर बंद हुआ।एशियाई बाजार में आज आमतौर पर तेजी का रुख बना हुआ है। एशिया के नौ बाजार में से सात के सूचकांक मजबूती के साथ हरे निशान में कारोबार कर रहे हैं, जबकि एक सूचकांक गिरावट के साथ लाल निशान में बना हुआ है। इंडोनेशिया स्टॉक एक्सचेंज में छुट्टी होने के कारण जकार्ता कंपोजिट इंडेक्स में आज कोई कारोबार नहीं हो रहा है। एशियाई बाजार में इकलौता ताइवान वेटेड इंडेक्स फिलहाल 0.10 प्रतिशत की कमजोरी के साथ 32,688.58 अंक के स्तर पर कारोबार कर रहा है।दूसरी ओर, गिफ्ट निफ्टी 345 अंक यानी 1.54 प्रतिशत उछल कर 22,810 अंक के स्तर पर कारोबार कर रहा है। इसी तरह निक्केई इंडेक्स 375.51 अंक यानी 0.73 प्रतिशत की छलांग लगा कर 51,891 अंक के स्तर पर आ गया है। कोस्पी इंडेक्स में आज जोरदार मजबूती नजर आ रही है। फिलहाल यह सूचकांक 111.54 अंक यानी 2.06 प्रतिशत की तेजी के साथ 5,517.29 अंक के स्तर पर पहुंचा हुआ है।इसी तरह हैंग सेंग इंडेक्स 440.53 अंक यानी 1.81 प्रतिशत की बढ़त के साथ 24,823 अंक के स्तर पर आ गया है। इसके अलावा शंघाई कंपोजिट इंडेक्स 0.95 प्रतिशत की छलांग लगा कर 3,849.34 अंक के स्तर पर, सेट कंपोजिट इंडेक्स 0.92 प्रतिशत उछल कर 1,410.26 अंक के स्तर पर और स्ट्रेट्स टाइम्स इंडेक्स 0.14 प्रतिशत की मजबूती के साथ 4,848.10 अंक के स्तर पर कारोबार कर रहे हैं।