लखनऊ (टेलीस्कोप टुडे संवाददाता)। कुर्सी रोड महायोजना 2031 के अन्तर्गत सड़क के चौड़ीकरण के कारण प्रभावित होने वाले व्यापारी, उद्यमी और आवास के स्वामी महायोजना के क्रियान्वयन पर आपत्ति दर्ज करायेगें। यह निर्णय सोमवार को बसहा, कुर्सी रोड स्थित आराधना इन होटल में हुयी व्यापारियों, उद्यमियों और आवास के स्वामियों की बैठक में लिया गया।
इस मौके पर होटल इण्डस्ट्री से जुड़ी आराधना कुमारी, अखण्ड आर्या महासभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष ऋषि त्रिवेदी, जनविकास महासभा के अध्यक्ष पंकज तिवारी, सूबेदार अनिल यादव, फरहान, अमित कश्यप, बृजेश शुक्ला, प्रकाश श्रीवास्तव, चन्द्रमौलि शुक्ला सहित काफी संख्या में व्यापारी, उद्यमी मौजूद थे। बैठक में कुर्सी रोड महायोजना के प्रस्ताव की निन्दा की गयी और एक स्वर में इस योजना के खिलाफ आपत्ति दर्ज कराने का निर्णय लिया गया।
इस मौके पर होटल कारोबार से जुड़ी आराधना कुमारी ने बताया कि कुर्सी रोड महायोजना 2031 के लागू होने से दर्जनों धार्मिक स्थलों सहित शैक्षिक, व्यवसायिक प्रतिष्ठानों और आवास न सिर्फ तोड़ दिये जायेगें बल्कि कारोबार प्रभावित होने से हजारों लोगों की रोजी-रोटी पर सीधा असर पड़ेगा।

अखण्ड आर्यावर्त महासभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष ऋषि त्रिवेदी ने बैठक को सम्बोधित करते हुये बताया कि इस चौड़ीकरण महायोजना को लागू करने से पहले प्रशासन कुर्सी रोड पर व्याप्त अतिक्रमण को हटवायें। तत्पश्चात चौड़ीकरण की योजना पर विचार और समीक्षा करनी चाहिये। यदि पीडब्लूडी का मानक 46 मीटर तक चौड़ीकरण होता है तो हजारों व्यापारियों का जीवन बर्बाद होने से बच जाएगा।
श्री त्रिवेदी ने कहा कि इस रोड पर अतिक्रमण के कारण सुचारू रूप से यातायात के संचालन में बाधा और जाम लगने की स्थित उत्पन्न हो रही है। यदि प्रशासन इस रोड को अतिक्रमणमुक्त करवा दें तो कुर्सी रोड के चौड़ीकरण की आवश्यकता नहीं रह जायेगी। इससे न सिर्फ व्यापारी, उद्यमी के कारोबार सुरक्षित रहेगें बल्कि यहां काम करने वालों का रोजगार भी प्रभावित नहीं होगा। इस मौके पर जनविकास महासभा के अध्यक्ष पंकज तिवारी ने कहा कि कुर्सी रोड के व्यापारियों और उद्यमियों के व्यवसाय को सुरक्षित रखने के लिये कुर्सी रोड पर व्याप्त अतिक्रमण को हटाना आवश्यक है।
Telescope Today | टेलीस्कोप टुडे Latest News & Information Portal