Thursday , March 19 2026

‘स्मृति ईरानी जैसा होगा कंगना रनौत का हाल’, राहुल गांधी को टपोरी कहने पर अलका लांबा बोली- वो भी बहुत घमंड में थीं

Alka Lamba on Kangana Ranaut : ऑल इंडिया महिला कांग्रेस की अध्यक्ष अलका लांबा ने एक बार फिर राजनीतिक महौल में हलचल मचा दी है। उन्होंने कंगना रनौत को लेकर तीखे बयान दिए हैं और उनके व्यक्तिगत और राजनीतिक जीवन पर निशाना साधा है। अलका लांबा ने कहा कि एक समय पर कंगना रनौत को नशे की बुरी लत थी, और वह नशे का असर अभी भी उनके व्यवहार में नजर आता है।अल्का लांबा बोली- कंगना का हाल भी स्मृति ईरानी जैसा होगाहिमाचल प्रदेश की मंडी सीट से भाजपा की सांसद कंगना रनौत ने हाल ही में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी को ‘टपोरी’ कहकर उनकी आलोचना की थी। इस बयान की विपक्ष और सोशल मीडिया पर तीखी निंदा हो रही है। इसके जवाब में, अलका लांबा ने कहा कि कंगना रनौत अपने आप को नेता बनाने की कोशिश कर रही हैं, जबकि उनका इतिहास कुछ और ही कहता है। उन्होंने कहा, “कंगना स्मृति ईरानी की खाली हुई जगह को भरने की कोशिश कर रही हैं। स्मृति ईरानी भी बहुत घमंड में थीं, लेकिन जैसे ही उन्हें मौका मिला, वह राजनीति से गायब हो गईं। आज कहीं दिखाई नहीं देतीं। ठीक उसी तरह, कंगना रनौत का भी हाल वही होगा। जैसे स्मृति ईरानी राजनीति से बाहर हो गईं, वैसे ही कंगना का भी पता नहीं चलेगा।”अलका लांबा ने भाजपा के सांसद बृजभूषण शरण सिंह पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा, “कंगना क्यों नहीं बोल रहीं बृजभूषण शरण सिंह पर? उनके खिलाफ यौन उत्पीड़न के आरोप लगे हैं, पर आप चुप हैं। हिमाचल में एक विधायक पर नाबालिग बच्चे के बलात्कार का मामला दर्ज है, चार्जशीट हो चुकी है, और कोर्ट में पेश होना है। क्या इस पर आप बोलेंगी? आपने कुलदीप सिंह सेंगर पर बोला? आपने बलात्कार के आरोपियों पर बात की? नहीं, क्योंकि आप उनके साथ खड़ी हैं।”अलका लांबा ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से भी अपील की है। उन्होंने कहा, “राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा के दौरान महिलाएं उनसे बहुत अपनेपन से मिल रही थीं, गले मिल रही थीं, किसी को भी असहज महसूस नहीं हुआ। लेकिन आपको क्यों ऐसा लगता है कि सबकुछ ठीक नहीं है? सच्चाई यह है कि आपका नशे की बुरी लत थी, और वह नशा आज भी आप पर हावी है। यह नशा आपके मुद्दों पर बोलने की क्षमता को प्रभावित कर रहा है। मैं प्रधानमंत्री से आग्रह करूंगी कि तुरंत राष्ट्रीय स्तर पर एक ‘राष्ट्रीय नशा मुक्ति आयोग’ का गठन किया जाए और उसकी अध्यक्षता सांसद कंगना रनौत को सौंपी जाए।”