लखनऊ : राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सरकार्यवाह दत्तात्रेय होसबाले चैत्र नवरात्र से पहले 18 मार्च काे उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ आएंगे। सरकार्यवाह होसबाले 19 मार्च को राम मंदिर अयोध्या में आयोजित हाेने वाले वर्ष प्रतिपदा महोत्सव में शामिल हाेंगे। इस कार्यक्रम में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू मुख्य अतिथि हाेंगी। संघ की प्रतिनिधि सभा 2026 संपन्न होने के बाद सरकार्यवाह का यह पहला उत्तर प्रदेश दौरा होगा। प्रतिनिधि सभा के पहले सरसंघचालक डाॅ. मोहन भागवत उत्तर प्रदेश के दौरे पर आये थे।उक्त जानकारी देते हुए श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र के व्यवस्थाधिकारी गोपाल ने हिन्दुस्थान समाचार को बताया कि इस महाेत्सव में राष्ट्रपति श्रीराम मंदिर के द्वितीय तल के गर्भगृह में श्रीराम यंत्र की भी स्थापना करेंगी। उन्होंने बताया वर्ष प्रतिपदा महोत्सव में सात हजार लोगों को श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट की ओर से आमंत्रित किया गया है। आमंत्रित लोगों को 18 अप्रैल को अयोध्या पहुंचने के लिए कहा गया है। सभी लोगों के ठहरने व भोजन की व्यवस्था श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट की ओर से की गयी है। 19 मार्च से ही नवरात्र शुरू हो रही है, इसलिए कार्यक्रम स्थल पर उपवास का फलाहार व पेयजल की व्यवस्था रहेगी। कार्यक्रम के पश्चात अतिथियों को रामलला के दर्शन कराये जायेंगे।
Telescope Today | टेलीस्कोप टुडे Latest News & Information Portal