लखनऊ (टेलीस्कोप टुडे संवाददाता)। 55वें राष्ट्रीय सुरक्षा जागरूकता अभियान के तहत इस वर्ष की थीम “उन्नत सुरक्षा के लिए सभी को सम्मिलित करें, शिक्षित करें और सशक्त बनाएं” को केंद्र में रखकर सुएज ने अपने विभिन्न स्थलों पर सुरक्षा जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए। यह अभियान दौलतगंज एसटीपी, ग्वारी एमपीएस एवं भरवारा एसटीपी सहित सभी प्रमुख साइट्स पर मनाया गया। अभियान का उद्देश्य कर्मचारियों और संबंधित कर्मियों को कार्य के दौरान सुरक्षा नियमों के महत्व से अवगत कराना और उन्हें सुरक्षा के प्रति अधिक जागरूक बनाना रहा।
कार्यक्रम के दौरान सुरक्षा को और प्रभावी बनाने के लिए विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया गया। इसके अंतर्गत इंजीनियरों और सुपरवाइजरों द्वारा टूल-बॉक्स टॉक, टास्क ऑब्जर्वेशन, टीमों की काउंसलिंग तथा विभिन्न हितधारकों की सहभागिता पर विशेष जोर दिया गया। साथ ही जागरूकता कार्यक्रम, क्लोरीन लीकेज व केमिकल स्पिल जैसी परिस्थितियों पर मॉक ड्रिल, लिफ्टिंग गतिविधियों तथा केमिकल सेफ्टी स्टैंडर्ड से संबंधित प्रशिक्षण भी आयोजित किए गए।
जलकल विभाग के महाप्रबंधक कुलदीप सिंह ने कहा, “सुरक्षा केवल नियमों का पालन भर नहीं है, बल्कि यह कार्य संस्कृति का अहम हिस्सा है। ऐसे अभियान कर्मचारियों में जागरूकता बढ़ाने के साथ-साथ उन्हें सुरक्षित कार्य व्यवहार अपनाने के लिए प्रेरित करते हैं।”
सुएज के परियोजना प्रबंधक राजेश मठपाल ने कहा, “हमारी प्राथमिकता है कि प्रत्येक कर्मचारी सुरक्षित वातावरण में कार्य करे। सुरक्षा जागरूकता अभियान के माध्यम से हम टीमों को प्रशिक्षित, सजग और सशक्त बना रहे हैं, ताकि कार्यस्थल पर किसी भी प्रकार की दुर्घटना की संभावना को न्यूनतम किया जा सके।”
अभियान में कर्मचारियों को खुलकर अपनी बात रखने, सुरक्षा से जुड़े अच्छे सुझाव साझा करने, उपलब्ध संसाधनों का बेहतर उपयोग करने और सुरक्षा संबंधी सुझावों के लिए प्रोत्साहित किया गया। इस पहल का मुख्य उद्देश्य जोखिम के प्रति जागरूकता बढ़ाना, कार्य निष्पादन में त्रुटियों को कम करना, साझा सतर्कता विकसित करना और कार्यस्थल पर चोटों की रोकथाम सुनिश्चित करना है। इस अवसर पर सेफ्टी मैनेजर पंकज सिंह, नेटवर्क मैनेजर रजनीश शर्मा, धर्मेंद्र भारती एवं एसटीपी इंचार्ज पार्थ सारथी नाथ मौजूद रहे।
Telescope Today | टेलीस्कोप टुडे Latest News & Information Portal