Saturday , March 14 2026

यूपी के किसानों की बल्ले-बल्ले: 2.15 करोड़ अन्नदाताओं के खाते में पहुंचे 4335 करोड़, पीएम मोदी ने जारी की 22वीं किस्त

Lucknow : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को खानापारा, गुवाहाटी (असम) से देश के करोड़ों किसानों के बैंक खातों में ‘प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि’ की 22वीं किस्त डीबीटी के माध्यम से सीधे हस्तांतरित की। इस ऐतिहासिक अवसर पर उत्तर प्रदेश के 2.15 करोड़ से अधिक किसान लाभान्वित हुए, जिनके खातों में कुल 4335.11 करोड़ रुपये की धनराशि भेजी गई। राजधानी लखनऊ स्थित कृषि भवन के सभागार में प्रदेश के कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही ने सैकड़ों किसानों की उपस्थिति में इस कार्यक्रम का सजीव प्रसारण देखा और प्रधानमंत्री का प्रदेश के अन्नदाताओं की ओर से आभार व्यक्त किया।कार्यक्रम के पश्चात उपस्थित किसानों को संबोधित करते हुए कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही ने बताया कि प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के तहत उत्तर प्रदेश के किसानों को अब तक की सबसे बड़ी आर्थिक सहायता प्राप्त हुई है। उन्होंने बताया कि 21वीं किस्त तक प्रदेश के किसानों को 94,668.58 करोड़ रुपये मिल चुके थे और आज की 22वीं किस्त के बाद यह कुल धनराशि बढ़कर 99,003.69 करोड़ रुपये हो गई है। उन्होंने वर्षवार विवरण देते हुए बताया कि वर्ष 2018-19 में जहां 2,238.92 करोड़ रुपये से शुरुआत हुई थी, वहीं वर्ष 2024-25 में 15,594.74 करोड़ रुपये और चालू वित्तीय वर्ष 2025-26 की तीनों किस्तों को मिलाकर अब तक 13,692.70 करोड़ रुपये सीधे किसानों के खातों में पहुँचे हैं।कृषि मंत्री ने कहा कि बीज से लेकर बाजार तक और सम्मान निधि से लेकर फसल बीमा तक, सरकार हर मोर्चे पर अन्नदाता के साथ खड़ी है। आज का यह कार्यक्रम इस बात का प्रमाण है कि तकनीक के माध्यम से भ्रष्टाचार मुक्त व्यवस्था सुनिश्चित करते हुए पारदर्शिता के साथ लाभ सीधे पात्रों तक पहुँच रहा है।इस अवसर पर 200 से अधिक किसान, प्रमुख सचिव कृषि रवींद्र, कृषि निदेशक डॉ. पंकज त्रिपाठी, कृषि विभाग के सभी उच्च अधिकारी उपस्थित रहे।