Tuesday , March 10 2026

होली मिलन में झलकी सामाजिक एकता, गहोई वैश्य समाज ने दिया सौहार्द का संदेश

लखनऊ (टेलीस्कोप टुडे संवाददाता)। गहोई वैश्य सेवा समिति की वार्षिक आमसभा और होली मिलन समारोह में समाज के सदस्यों ने एक-दूसरे को होली की शुभकामनाएं देते हुए फूलों की होली खेली और आपसी सौहार्द तथा भाईचारे का संदेश दिया।

रविवार को सआदतगंज के बीबीगंज स्थित निगोतिया भवन में आयोजित समारोह में समाज की विभिन्न गतिविधियों पर विस्तार से चर्चा की गई। आने वाले समय में सामाजिक तथा सांस्कृतिक कार्यक्रमों को और सक्रिय रूप से आगे बढ़ाने पर विचार-विमर्श किया गया।

गहोई वैश्य सेवा समिति के अध्यक्ष विनोद कुमार गुप्त भावुक ने सभी सदस्यों को होली की शुभकामनाएं दीं तथा आयोजन को सामाजिक एकता और पारिवारिक आत्मीयता का प्रतीक बताया। महामंत्री ज्ञानेन्द्र कठिल ने समाज की एकता और पारस्परिक सहयोग को मजबूत बनाने का आह्वान किया तथा संजीव निगोतिया के प्रति आतिथ्य के लिए आभार जताया।

कार्यक्रम में समाज की महिलाओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। अर्चना गुप्ता के संयोजन में विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से वातावरण को उल्लासमय बनाया।

इस अवसर पर संजय तपा, शशी रावत, आलोक सेठ, अनिल कुमार नीखरा, सुषमा पहारिया, रश्मि हुँका, अंकित सोहाने, राजीव कुमार विश्वारी, अर्चना सांवला के साथ ही समिति के संरक्षक  रमेश मलैया, जी.एस. गुप्ता, प्रमोद कुमार गुप्ता सहित समाज के अन्य गणमान्य जन उपस्थित रहे।