Thursday , March 5 2026

लिटिल चैंप्स में गूंजा “दोऊ राजदुलारे होरी खेलत सरयू के तीर…”

फागोत्सव का तीसरा दिन : पारम्परिक गीतों संग बरसे फूल

लखनऊ (टेलीस्कोप टुडे संवाददाता)। फागोत्सव श्रृंखला के अंतर्गत गुरुवार को गोमतीनगर के विराम खंड स्थित लिटिल चैंप्स स्कूल परिसर में होली संगीत बैठकी का आयोजन किया गया। लोक संस्कृति शोध संस्थान के तत्वावधान में आयोजित तीसरी होली बैठकी में लोक परम्परा के अनुरूप फाग गायन हुआ और उपस्थित लोगों ने एक-दूसरे को गुलाल लगाकर होली की शुभकामनाएँ दीं।

कार्यक्रम का शुभारंभ कनक वर्मा ने गणेश होरी से किया। लोक गायिका अपर्णा सिंह ने मृगनयनी को यार नवल रसिया, वरिष्ठ लोक गायिका इन्दु सारस्वत ने गिरधारी लाल होरी खैलैं कुंजन की गली, शीला गुप्ता ने मेरी पांचों अंगुरिया बड़े काम की जय बोलो जय बोलो सियाराम की, शक्ति श्रीवास्तव ने ये दोऊ राजदुलारे होरी खेलत सरयू के तीर, डॉ. आभा दीक्षित ने सिर बांधे मुकुट खेलें होली, आशा श्रीवास्तव ने खेलति रघुवीर वीरा, अरुणा उपाध्याय ने अंखियन पड़त गुलाल आज कान्हा रे तथा शारदा पाण्डेय ने लाल गुलाबी रंग डारो रे प्रस्तुत कर वातावरण को फागुनी रंग में रंग दिया।

संगीत भवन की ओर से निवेदिता भट्टाचार्य के निर्देशन में सौम्या गोयल, आद्रिका मिश्रा, अव्युक्ता श्रीवास्तवा, आस्था पाण्डेय, भूमि पाण्डेय, प्रवीन गौर, नीलिमा गौर और दीपिका मारीसन ने रंग रंगीलो फागुन आयो सहित अन्य गीतों पर गायन एवं नृत्य की सुंदर प्रस्तुतियाँ दीं। इसके अतिरिक्त डा. पद्मिनी नातू, सीमा अग्रवाल, कुमकुम मिश्रा, सत्यप्रकाश साहू, विद्याभूषण सोनी, भूषण अग्रवाल, प्रो. सीमा सरकार, मनोरमा मिश्रा, ज्योति किरन रतन आदि ने भी सराहनीय प्रस्तुति दी।

संस्थान के अध्यक्ष जीतेश श्रीवास्तव और सचिव डा. सुधा द्विवेदी ने सभी अतिथियों एवं प्रतिभागियों का गुलाल लगाकर स्वागत किया। कार्यक्रम में अजय कुमार, राजनारायण वर्मा, आरती श्रीवास्तव, ऋचा माथुर, नीलम वर्मा, डॉ. एस.के. गोपाल सहित अनेक गणमान्यजन उपस्थित रहे।