लखनऊ (टेलीस्कोप टुडे संवाददाता)। महर्षि यूनिवर्सिटी ऑफ़ इनफॉर्मेशन टेक्नोलॉजी में आयोजित चार दिवसीय वार्षिक खेल, सांस्कृतिक एवं साहित्यिक महोत्सव आरिहंत–2026 (संगम प्रतिभाओं का) का समापन शनिवार को भव्य पुरस्कार वितरण समारोह के साथ हुआ। विश्वविद्यालय के खेल मैदान में आयोजित इस समारोह में विद्यार्थियों, संकाय सदस्यों एवं अधिकारियों की गरिमामयी उपस्थिति रही।

समारोह का शुभारंभ गुरु पूजन से हुआ। तत्पश्चात कार्यक्रम एवं सांस्कृतिक समिति की संयोजक डॉ. रूपम सिंह ने स्वागत उद्बोधन प्रस्तुत किया। जिसमें उन्होंने विविध आयोजनों की सराहना करते हुए विद्यार्थियों के उत्साह, अनुशासन एवं प्रतिभा की प्रशंसा की।

कुलपति प्रो. बी. पी. सिंह ने अपने प्रेरक संबोधन में विद्यार्थियों को जीवन में संतुलन, स्वस्थ प्रतिस्पर्धा एवं समग्र व्यक्तित्व विकास के महत्व पर प्रकाश डालते हुए निरंतर उत्कृष्टता की ओर अग्रसर रहने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि आरिहंत केवल प्रतियोगिता नहीं, बल्कि आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता और टीम भावना के विकास का सशक्त मंच है।

इसके उपरांत साहित्यिक, सांस्कृतिक एवं खेल प्रतियोगिताओं सहित आईकेएस परीक्षा के विजेता प्रतिभागियों को पुरस्कार एवं प्रमाण-पत्र प्रदान किए गए। विजेताओं के साथ-साथ सभी प्रतिभागियों की सराहना की गई, जिन्होंने पूरे उत्साह और प्रतियोगी भावना के साथ सहभागिता की।

अंत में कुलसचिव ने धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत किया तथा राष्ट्रगान के साथ समारोह का औपचारिक समापन हुआ। इसके पश्चात स्मृति-चित्र आयोजित किया गया, जिसमें विजेता विद्यार्थियों एवं आयोजक मंडल ने सहभागिता की।

महर्षि स्कूल ऑफ इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी एवं महर्षि स्कूल ऑफ़ बिज़नेस मैनेजमेंट के विद्यार्थियों ने खेल और सांस्कृतिक प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए विभिन्न स्थान एवं पदक प्राप्त किए।

वहीं महर्षि स्कूल ऑफ फार्मास्युटिकल साइंस तथा महर्षि स्कूल ऑफ़ ह्यूमैनिटीज के विद्यार्थियों ने साहित्यिक कार्यक्रमों में श्रेष्ठ स्थान अर्जित किए। महर्षि स्कूल ऑफ़ साइंस और महर्षि स्कूल ऑफ़ एग्रीकल्चर के विद्यार्थियों ने भारतीय ज्ञान परंपरा बौद्धिक परीक्षा में अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाते हुए उच्च स्थान प्राप्त किए।

समारोह की सफलता में खेल संयोजक डॉ. विकास कुमार शुक्ला, सांस्कृतिक संयोजक डॉ. रूपम सिंह तथा साहित्यिक संयोजक डॉ. विजय श्रीवास्तव के विशेष प्रयासों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। इनके समर्पित नेतृत्व एवं सतत मार्गदर्शन में समस्त आयोजन सुव्यवस्थित एवं सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। इस अवसर पर डीन अकादमिक्स डॉ. नीरज जैन एवं डिप्टी डीन अकादमिक्स डॉ. कल्याण आचार्य की गरिमामयी उपस्थिति भी रही।

समारोह विश्वविद्यालय के कुलाधिपति अजय प्रकाश श्रीवास्तव, महानिदेशक ग्रुप कैप्टेन डा. ओ.पी शर्मा, बोर्ड ऑफ गवर्नर सदस्य राहुल भारद्वाज, कुलपति प्रो. बी.पी. सिंह एवं कुलसचिव डा. गिरीश छिमवाल और वित्त अधिकारी वरुण श्रीवास्तव के मार्गदर्शन एवं आशीर्वाद से सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। समस्त आयोजन में विभिन्न समितियों संकाय सदस्यों, प्रॉक्टोरियल बोर्ड, वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी डा. राजेश सिंह एवं प्रशासनिक टीम का उल्लेखनीय योगदान रहा।
आरिहंत–2026 ने यह सिद्ध किया कि यह महोत्सव विद्यार्थियों की बहुआयामी प्रतिभाओं को निखारने और उन्हें राष्ट्रीय स्तर की चुनौतियों के लिए तैयार करने का प्रभावी मंच है। विश्वविद्यालय परिसर में उत्साह, गर्व और उपलब्धि का वातावरण व्याप्त रहा।
Telescope Today | टेलीस्कोप टुडे Latest News & Information Portal