Sunday , March 1 2026

17 साल बाद फार्मासिस्टों के लिए निकलीं 550 नियुक्तियाँ


लखनऊ (टेलीस्कोप टुडे संवाददाता)। उत्तर प्रदेश के बेरोजगार फार्मासिस्टों के लिए आज का दिन ऐतिहासिक हर्ष और उल्लास का संदेश लेकर आया है। ‘डिप्लोमा फार्मासिस्ट राजपत्रित अधिकारी एसोसिएशन’ (DPRA) के शीर्ष नेतृत्व के निरंतर और अथक प्रयासों के फलस्वरूप, प्रदेश में लगभग 17 वर्षों के लंबे अंतराल के बाद फार्मासिस्टों के पदों पर सरकारी भर्ती का विज्ञापन जारी कर दिया गया है।

​प्रमुख घटनाक्रम और संघर्ष की गाथा

इस भर्ती प्रक्रिया को धरातल पर उतारने के लिए संगठन द्वारा शासन और आयोग स्तर पर लंबी और प्रभावी पैरवी की गई। इसी क्रम में 14 नवंबर 2025 को सत्यनारायण साबत (अध्यक्ष, उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग) को फार्मासिस्टों की नियुक्ति के संबंध में एक महत्वपूर्ण प्रत्यावेदन सौंपा गया था।

इस पूरे मिशन का सफल नेतृत्व DPRA UP के प्रदेश अध्यक्ष जे.के. सचान और प्रदेश महामंत्री प्रद्युम्न सिंह ने संयुक्त रूप से किया। संगठन की इस मुहिम को लखनऊ के जिला मंत्री राजीव कनौजिया एवं अन्य समर्पित पदाधिकारियों और यूनियन के साथियों का पूर्ण सहयोग प्राप्त हुआ। इन्हीं सामूहिक प्रयासों का सुखद परिणाम है कि उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (UPSSSC) द्वारा 550 पदों पर नियुक्ति का विज्ञापन जारी किया गया है।

​बेरोजगार साथियों को होली का उपहार

संगठन की इस बड़ी उपलब्धि पर प्रदेश भर के फार्मासिस्टों में भारी उत्साह है। बेरोजगार साथियों ने इसे “होली का सबसे बड़ा उपहार” बताते हुए अपने वरिष्ठ नेताओं जे.के. सचान, प्रद्युम्न सिंह और राजीव कनौजिया के प्रति हृदय से आभार व्यक्त किया है। पदाधिकारियों ने कहा कि यह जीत संगठन की अटूट एकता और बेरोजगारों के हक के प्रति उनकी प्रतिबद्धता का प्रमाण है।