लखनऊ (टेलीस्कोप टुडे संवाददाता)। महर्षि यूनिवर्सिटी ऑफ़ इनफॉर्मेशन टेक्नोलॉजी में विश्वविद्यालय का बहुप्रतीक्षित वार्षिक खेल, सांस्कृतिक एवं साहित्यिक महोत्सव आरिहंत–2026 (संगम प्रतिभाओं का) का भव्य शुभारंभ बुधवार को विश्विद्यालय परिसर के खेल मैदान में हुआ। 28 फरवरी 2026 तक चलने वाले इस चार दिवसीय महोत्सव का उद्देश्य विद्यार्थियों की खेलकूद, सांस्कृतिक अभिव्यक्ति और साहित्यिक रचनात्मकता को एक साझा मंच प्रदान करना है।

उद्घाटन समारोह गुरु पूजन के साथ आरंभ हुआ। इसके पश्चात डीन अकादमिक्स डॉ. नीरज जैन ने उद्घाटन वक्तव्य प्रस्तुत करते हुए विद्यार्थियों को अनुशासन, समर्पण और समग्र विकास का संदेश दिया। कुलपति प्रो. बी. पी. सिंह ने अपने प्रेरक संबोधन में छात्रों को उत्कृष्टता, एकता और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना के साथ आगे बढ़ने एवं स्वास्थ के प्रति जागरूक रहने के लिए प्रेरित किया

इसके बाद कार्यक्रम के संयोजकों ने अपने-अपने सत्रों का परिचय दिया। खेल संयोजक डॉ. विकास कुमार शुक्ला ने खेल आयोजनों की रूपरेखा प्रस्तुत करते हुए प्रतिस्पर्धात्मक भावना को प्रोत्साहित किया। सांस्कृतिक संयोजक डॉ. रूपम सिंह ने सांस्कृतिक कार्यक्रमों के महत्व पर प्रकाश डालते हुए रचनात्मक अभिव्यक्ति को अपनाने का आह्वान किया और इसे प्रतियोगिताओं के महाकुंभ की संज्ञा दी।

वहीं साहित्यिक संयोजक डॉ. विजय श्रीवास्तव ने साहित्यिक प्रतियोगिताओं के माध्यम से विचार, तर्क और कल्पना के विकास पर बल दिया। विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत योग नृत्य ने कार्यक्रम में अनुशासन और सामंजस्य का सुंदर संदेश दिया।
समारोह के दौरान सभी प्रतिभागियों ने प्रतियोगिता की भावना और एकता की शपथ ली। तत्पश्चात उप-डीन अकादमिक्स डॉ. कल्याण आचार्य द्वारा धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत किया गया और राष्ट्रगान के साथ उद्घाटन समारोह का समापन हुआ।

कार्यक्रम में डीन, उप-डीन, संकाय सदस्य, अधिकारी, कर्मचारीगण तथा बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएँ उपस्थित रहीं। आयोजन विश्वविद्यालय के कुलाधिपति, महानिदेशक, कुलपति एवं कुलसचिव के मार्गदर्शन और आशीर्वाद से सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। प्रॉक्टोरियल बोर्ड, सीनियर प्रशासनिक अधिकारी तथा आईटी टीम ने भी आयोजन को सुचारु बनाने में महत्वपूर्ण सहयोग प्रदान किया।

उद्घाटन दिवस पर ही विभिन्न प्रतियोगिताओं की शुरुआत हुई। खेल वर्ग में क्रिकेट, वॉलीबॉल, बैडमिंटन सहित शॉट पुट एवं लॉन्ग जंप जैसी एथलेटिक स्पर्धाएँ आयोजित की गईं, जिनमें खिलाड़ियों ने उत्साह, टीमवर्क और उत्कृष्ट खेल भावना का परिचय दिया। सांस्कृतिक मंच एकल गायन और समूह नृत्य प्रस्तुतियों से जीवंत रहा। साहित्यिक वर्ग में पत्र लेखन और निबंध लेखन प्रतियोगिताओं के माध्यम से विद्यार्थियों ने अपनी वैचारिक स्पष्टता, तर्कशक्ति और रचनात्मकता का प्रभावशाली प्रदर्शन किया।

समग्र रूप से, आरिहंत–2026 ने पहले ही दिन अपने उद्देश्य को साकार करते हुए पूरे परिसर में उत्साह, ऊर्जा और सकारात्मक प्रतिस्पर्धा का वातावरण निर्मित कर दिया। यह महोत्सव आने वाले दिनों में और अधिक रोमांचक खेलों, रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियों तथा विचारोत्तेजक साहित्यिक गतिविधियों का साक्षी बनेगा।
Telescope Today | टेलीस्कोप टुडे Latest News & Information Portal