Thursday , February 26 2026

Amity University : छठ महापर्व सहित देशभर की संस्कृतियों का रंगारंग संगम

लखनऊ (टेलीस्कोप टुडे संवाददाता)। एमिटी विश्वविद्यालय लखनऊ परिसर में वार्षिक सांस्कृतिक महोत्सव ‘एमिफोरिया-2026’ का भव्य शुभारंभ अत्यंत उत्साह, ऊर्जा और उल्लास के साथ हुआ। “एक्सप्लोर, एक्सपीरियंस, इंजॉय” की थीम पर आधारित यह तीन दिवसीय महोत्सव युवाओं की प्रतिभा, रचनात्मकता और सांस्कृतिक विविधता का जीवंत उत्सव है। जिसमें 70 से अधिक प्रतियोगिताएं एवं आकर्षक कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।

महोत्सव का शुभारंभ एक रंगारंग कार्निवाल शोभायात्रा से हुआ। जिसमें एमिटी विश्वविद्यालय के सभी संस्थानों एवं विभागों के छात्र-छात्राओं ने नृत्य, संगीत और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से पूरे परिसर को उत्सवमय बना दिया। कार्निवाल में प्रत्येक विभाग भारत के एक प्रदेश की सांस्कृतिक विरासत की झांकी बनकर शामिल हुआ।

ढोल नगाडों के साथ उत्साह और उमंग से भरपूर यह शोभायात्रा एमिफोरिया के केंद्रीय मंच पर पहुंचकर भव्य उद्घाटन समारोह में परिवर्तित हो गई। जहां प्रो. (डॉ.) अनिल वशिष्ठ, प्रो वाइस-चांसलर, विंग कमांडर (डॉ.) अनिल कुमार तिवारी, डिप्टी प्रो वाइस-चांसलर, डॉ. राजीव वर्मा, डीन छात्र कल्याण तथा डॉ. राजेश के. तिवारी, डीन अकादमिक ने दीप प्रज्ज्वलन के साथ एमिफोरिया-2026 का विधिवत शुभारंभ किया। इस दौरान एमिटी विश्वविद्यालय के वरिष्ठ अधिकारी एवं सभी विभागों के विभागाध्यक्ष उपस्थित रहे।

एमिफोरिया-2026 का उद्घाटन करते हुए प्रो. (डॉ.) अनिल वशिष्ठ ने कहा कि एमिफोरिया छात्रों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का एक मंच प्रदान करता है। उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि सांस्कृतिक और साहित्यिक गतिविधियां व्यक्तित्व में चार चांद लगा देती हैं। उन्होंने कहा कि एमिटी विश्वविद्यालय अपने संस्थापक अध्यक्ष डॉ. अशोक के. चौहान के दूरदर्शी मार्गदर्शन और चेयरमैन डॉ. असीम चौहान के सक्षम नेतृत्व में अपने विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए प्रतिबद्ध है।

उद्घाटन के अवसर पर एक भव्य केक-कटिंग समारोह भी आयोजित किया गया, जिसने कार्यक्रम में उत्सव और एकता की भावना को और प्रगाढ़ किया।

कार्निवाल में शामिल प्रादेशिक झांकियों द्वारा उद्घाटन मंच पर संबंधित प्रदेश की लोककलाओं पर आधारित संगीतमय प्रस्तुति भी दी गई। इसमें जहां एक ओर असम का बिहू लोकनृत्य दिखा, तो वहीं गुजरात का गरबा, पंजाब का भांगड़ा, बिहार का छठ पर्व और राजस्थान के लोकनृत्यों ने समां बांध दिया। केरल, तमिलनाडु, आंध्र प्रदेश, मध्यप्रदेश, उत्तराखंड, जम्मू और कश्मीर की संस्कृतियों पर आधारित प्रस्तुतियों ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।

इन प्रस्तुतियों के बीच हुई प्रतियोगिता में एमिटी इंस्टीट्यूट ऑफ बिहेवियरल एंड एलाइड साइंसेज ने महाराष्ट्र की समृद्ध संस्कृति का शानदार प्रदर्शन कर प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि एमिटी लॉ स्कूल ने उत्तर प्रदेश की सांस्कृतिक प्रस्तुति के लिए द्वितीय स्थान हासिल किया।

भारतीय सिनेमा के स्वर्णिम युग को समर्पित एक विशेष नृत्य प्रस्तुति में विद्यार्थियों ने महान अभिनेता धर्मेंद्र और असरानी को भावभीनी श्रद्धांजलि दी। विद्यार्थियों ने कालजयी फिल्म शोले पर आधारित म्यूजिकल नाट्य प्रस्तुति दी, जिसमें असरानी का प्रसिद्ध संवाद “हम अंग्रेजों के जमाने के जेलर हैं” सुनकर दर्शक भावुक हो उठे और तालियों की गड़गड़ाहट से पूरा परिसर गूंज उठा।

कार्यक्रम में मिस दिवा इंटरनेशनल-इंडिया 2025 एवं प्रसिद्ध गायिका अपूर्वा चौहान ने अपनी मधुर और ऊर्जावान प्रस्तुति से समां बांध दिया। उन्होंने स्मूथ राइडर, साहिबा, गुजरिया और दिल चाहता है जैसे लोकप्रिय हिंदी और अंग्रेजी गीतों की शानदार प्रस्तुति देकर दर्शकों का दिल जीत लिया।

एमिफोरिया के पहले दिन का समापन शाम को केंद्रीय मंच पर अमिटी बिजनेस स्कूल द्वारा आयोजित बहुप्रतीक्षित प्रतियोगिता ‘एक्सूबरेंस मिस्टर एंड मिस एमिटी’ के साथ हुआ। इस प्रतियोगिता में प्रतिभागियों ने विभिन्न राउंड्स में अपनी प्रतिभा, व्यक्तित्व, आत्मविश्वास और मंच कौशल का प्रभावशाली प्रदर्शन किया, जो एमिटी के छात्रों की बहुआयामी प्रतिभा को दर्शाता है।

कड़े मुकाबले और कई चरणों की चयन प्रक्रिया के बाद, अंतिम 20 प्रतिभागियों के बीच हुए फाइनल राउंड में एमिटी बिजनेस स्कूल के छात्र राजवीर सिंह ने वर्ष 2026 का ‘मिस्टर एमिटी’ का खिताब अपने नाम किया, जबकि एमिटी लॉ स्कूल की छात्रा आत्रिका तिवारी ने ‘मिस एमिटी 2026’ का ताज अपने नाम किया।

7,000 से अधिक छात्रों की सहभागिता के साथ प्रारंभ हुआ एमिफोरिया-2026 उत्साह और ऊर्जा का अनुपम उदाहरण है। महोत्सव के अंतर्गत एमिटी आइडल सीजन-7, कला संगम, ताल-मेल, अदायगी साज और आवाज 2.0, स्क्विड गेम, कलेक्टिका 5.0, रंगमंच 3.0, आप की अदालत, प्रतिभा संगम 3.0, वर्चुअल वॉर्टेक्स 3.0, मेहंदी फिएस्टा, कला और कलम, एमीक्वेस्ट, एनिकॉन 2.0, टेक्नोसैपियन 2026, कागजी मीनार तथा रिडल रश 2.0 सहित दर्जनों रोमांचक, मनोरंजक और शिक्षाप्रद प्रतियोगिताएं आयोजित की जा रही हैं।

एमिफोरिया-2026 आगामी दिनों में भी प्रतिभा, संस्कृति, नवाचार और युवा ऊर्जा का भव्य उत्सव बना रहेगा तथा छात्रों को अपनी सृजनात्मक क्षमता प्रदर्शित करने का प्रेरणादायक मंच प्रदान करेगा।