Tuesday , February 24 2026

फैजुल्लागंज वार्ड प्रथम : दो करोड़ से बनेंगी सड़के व नालियां, विधायक ने किया भूमिपूजन

लखनऊ (टेलीस्कोप टुडे संवाददाता)। ‘सतत विकास के पथ पर लखनऊ उत्तर’ के संकल्प को धरातल पर उतारते हुए लखनऊ उत्तर के विधायक डॉ. नीरज बोरा ने फैजुल्लागंज वार्ड प्रथम की जनता को बड़ी सौगात दी। विधायक ने क्षेत्र की दो मुख्य सड़कों और नाली निर्माण कार्यों का शिलान्यास किया, जिनकी लागत लगभग ₹2 करोड़ है। 

विधायक डॉ. नीरज बोरा ने सीतापुर रोड से भार्गव फार्म तक एवं द्वारकापुरी में बेरी होटल चौराहा से शिव मंदिर तक सीसी रोड एवं नाली निर्माण कार्य एवं बेरी होटल से मुर्गी फार्म तक सीतापुर रोड जाने वाले मुख्य मार्ग के सुदृढ़ीकरण एवं नाली निर्माण कार्य का भूमिपूजन किया।

विधायक डॉ. नीरज बोरा ने कहा कि उनका लक्ष्य लखनऊ उत्तर के हर कोने को बेहतर बुनियादी सुविधाओं से जोड़ना है। जलभराव की समस्या से मुक्ति दिलाने के लिए आधुनिक नाली निर्माण और आवागमन को सुगम बनाने के लिए मजबूत सड़कों का जाल बिछाया जा रहा है। ये ₹2 करोड़ के कार्य स्थानीय निवासियों के दैनिक जीवन में मूलभूत सुविधाओं को सर्वोत्तम करने हेतु कटिबद्ध हमारी सरकार की प्रतिबद्धता का प्रमाण है। उन्होंने लखनऊ विकास प्राधिकरण के अवस्थापना मद से किये जा रहे इन महत्त्वपूर्ण कार्यों हेतु मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के प्रति आभार व्यक्त किया।

स्थानीय निवासियों ने फूल-मालाओं के साथ विधायक डा. नीरज बोरा का स्वागत किया और क्षेत्र में हो रहे निरंतर विकास कार्यों के लिए आभार व्यक्त किया।

इस अवसर पर क्षेत्रीय पार्षद रश्मि सिंह, पार्षद प्रतिनिधि रामदेव सिंह, सत्यदेव सिंह, मंडल अध्यक्ष शैलेन्द्र मौर्य, महामंत्री विनोद अवस्थी के अलावा सतीश वर्मा, दिनेश पाल, श्याम किशोर शुक्ला, दिनेश दीक्षित, सुनीत तिवारी, नम्रता सिंह, मजिंद्र दीक्षित, पंकज गुप्ता, नीरज अवस्थी, धर्मेंद्र सिंह, दिलीप मिश्रा, वेद सिंह, किशोर प्रजापति, अनिल मिश्रा, नैमिष शर्मा, शीलू जायसवाल, रामदुलारी गुप्ता, विमल साहू, लक्ष्य प्रताप सिंह, नैमिष पांडे सहित नगर निगम के अधिकारी और स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।