लखनऊ (टेलीस्कोप टुडे संवाददाता)। नागरिकों को पासपोर्ट सेवाओं से संबंधित समस्याओं के त्वरित, सरल एवं प्रभावी समाधान उपलब्ध कराने के उद्देश्य से क्षेत्रीय पासपोर्ट कार्यालय, लखनऊ द्वारा शनिवार को अपने क्षेत्राधिकार के अंतर्गत संचालित चारों पासपोर्ट सेवा केंद्रों लखनऊ, कानपुर, गोरखपुर एवं वाराणसी पर जन शिकायत निवारण मेले का आयोजन किया गया।

इस मेले का उद्देश्य नागरिकों को पासपोर्ट से जुड़ी विभिन्न समस्याओं के समाधान हेतु एक सुलभ, पारदर्शी एवं उत्तरदायी मंच प्रदान करना था। जिससे वे अपनी समस्याएँ सीधे संबंधित अधिकारियों के समक्ष रख सकें। चारों केंद्रों पर नागरिक उपस्थित रहे तथा उनके प्रकरणों का परीक्षण कर नियमानुसार समाधान किया गया। मेले में लगभग 550 आवेदकों ने अपनी सहभागिता की, जिनकी समस्याओं का समाधान किया गया। इसके अतिरिक्त सभी अधिकारियों ने आज कार्य कर के लगभग 2000 लम्बित पत्रावलियाँ का निस्तारण भी किया गया।

मेले के दौरान आवेदकों की समस्याओं को गंभीरता एवं संवेदनशीलता के साथ सुना गया तथा उपलब्ध अभिलेखों के आधार पर यथासंभव त्वरित निस्तारण सुनिश्चित किया गया। जिन प्रकरणों में दस्तावेजों से संबंधित कमियाँ पाई गईं, वहाँ आवेदकों को आवश्यक परामर्श एवं मार्गदर्शन प्रदान किया गया। अत्यावश्यक श्रेणी के आवेदनों एवं संशोधन संबंधी मामलों का भी प्राथमिकता के आधार पर परीक्षण किया गया।

क्षेत्रीय पासपोर्ट अधिकारी IFS शुभम सिंह ने बताया कि नागरिकों की सुविधा एवं समस्याओं के समयबद्ध समाधान को ध्यान में रखते हुए क्षेत्रीय पासपोर्ट कार्यालय, लखनऊ भविष्य में भी इस प्रकार के जन शिकायत निवारण मेलों का नियमित आयोजन करता रहेगा। ताकि नागरिकों को पासपोर्ट सेवाओं से संबंधित समस्याओं के समाधान हेतु सरल एवं सुगम व्यवस्था उपलब्ध हो सके।
क्षेत्रीय पासपोर्ट कार्यालय, लखनऊ नागरिकों को नागरिक-केंद्रित, पारदर्शी एवं संवेदनशील सेवाएँ उपलब्ध कराने के लिए निरंतर प्रतिबद्ध है तथा भविष्य में भी इस प्रकार की जनहितकारी पहलें जारी रखी जाएंगी।
Telescope Today | टेलीस्कोप टुडे Latest News & Information Portal