नई दिल्ली : देश के आठ प्रमुख बुनियादी क्षेत्रों के उद्योगों की उत्पादन वृद्धि दर जनवरी में घटकर चार फीसदी पर आ गई है। हालांकि, यह वृद्धि दिसंबर, 2025 के 4.7 फीसदी के मुकाबले धीमी है।वाणिज्य एवं उद्योग मंत्रालय ने शुक्रवार को आंकड़ों में बताया कि इन प्रमुख बुनियादी उद्योगों की वृद्धि दर एक साल पहले जनवरी, 2025 में 5.1 फीसदी थी, जबकि दिसंबर, 2025 में यह 4.7 फीसदी रही थी। आधिकारिक आंकड़ों के मुताबिक जनवरी में कच्चे तेल और प्राकृतिक गैस के उत्पादन में नकारात्मक वृद्धि दर्ज की गई है। आंकड़ों के मुताबिक चालू वित्त वर्ष 2025-26 की अप्रैल-जनवरी अवधि के दौरान इन आठ प्रमुख बुनियादी उद्योगों का उत्पादन 2.8 फीसदी बढ़ा है, जबकि वित्त वर्ष 2024-25 की समान अवधि में वृद्धि दर 4.5 फीसदी रही थी।आठ प्रमुख बुनियादी क्षेत्र के उद्योगों में कोयला, कच्चा तेल, प्राकृतिक गैस, रिफाइनरी उत्पाद, उर्वरक, इस्पात, सीमेंट और बिजली शामिल हैं। ये देश के बुनियादी ढांचे और औद्योगिक उत्पादन में सबसे अहम भूमिका निभाते हैं और औद्योगिक उत्पादन सूचकांक (आईआईपी) में लगभग 40.27 फीसदी का योगदान देते हैं।
Telescope Today | टेलीस्कोप टुडे Latest News & Information Portal