Friday , February 20 2026

देश का विदेशी मुद्रा भंडार बढ़कर 725.72 अरब डॉलर के रिकॉर्ड स्तर पर

नई दिल्‍ली : आर्थिक मोर्चे पर अच्‍छी खबर है। विदेशी मुद्रा भंडार में इजाफा हुआ है। देश का विदेशी मुद्रा भंडार 13 फरवरी को समाप्त हफ्ते में 8.66 अरब डॉलर बढ़कर रिकॉर्ड 725.72 अरब डॉलर के उच्चतम स्तर पर पहुंच गया।रिजर्व बैंक ऑफ इंडिया (आरबीआई) ने शुक्रवार को जारी आंकड़ों में बताया कि 13 फरवरी को समाप्त हफ्ते में देश का विदेशी मुद्रा भंडार में 8.66 अरब डॉलर की जोरदार बढ़ोतरी से यह 725.72 अरब डॉलर के ऐतिहासिक शिखर पर पहुंच गया है। इससे पहले जनवरी में इसने 723.77 अरब डॉलर के सर्वकालिक उच्च स्तर छुआ था।आंकड़ों के मुताबिक छह फरवरी को समाप्त हफ्ते में कुल विदेशी मुद्रा भंडार 6.71 अरब डॉलर घटकर 717.06 अरब डॉलर रह गया था। इससे पहले का सर्वोच्च स्तर जनवरी माह में 723.774 अरब डॉलर रहा था। आरबीआई के मुताबिक इस दौरान मुद्रा भंडार का अहम घटक माने जाने वाली विदेशी मुद्रा परिसंपत्तियां 3.55 अरब डॉलर बढ़कर 573.60 अरब डॉलर हो गईं।रिजर्व बैंक के मुताबिक इस दौरान स्वर्ण भंडार का मूल्य 4.99 अरब डॉलर बढ़कर 128.46 अरब डॉलर हो गया। केंद्रीय बैंक के आंकड़ों के मुताबिक विशेष आहरण अधिकार (एसडीआर) 10.3 करोड़ डॉलर बढ़कर 18.92 अरब डॉलर हो गया। इसके साथ ही अंतरराष्ट्रीय मुद्रा कोष (आईएमएफ) के पास भारत का आरक्षित भंडार भी 1.9 करोड़ डॉलर बढ़कर 4.734 अरब डॉलर हो गया।