Friday , February 20 2026

भौतिक विज्ञान की परिषदीय गतिविधियों में छात्राओं ने किया प्रतिभाग

लखनऊ (टेलीस्कोप टुडे संवाददाता)। नेताजी सुभाष चंद्र बोस राजकीय महिला स्नातकोत्तर महाविद्यालय अलीगंज के भौतिक विज्ञान विभाग, कॅरियर काउंसलिंग समिति एवं संस्थागत नवाचार परिषद के संयुक्त तत्वधान में भौतिक विज्ञान की परिषदीय गतिविधियों का आयोजन किया गया। कार्यक्रम संयोजक प्रो. शरद कुमार वैश्य ने बताया कि भौतिक विज्ञान परिषद की परिषदीय गतिविधियों में “विकसित भारत में कृत्रिम बुद्धिमत्ता का योगदान” विषय पर भाषण प्रतियोगिता, “स्मार्टफोन वरदान या अभिशाप” विषय पर वाद विवाद प्रतियोगिता, विज्ञान विषय की प्रश्नोत्तरी पर आधारित क्विज प्रतियोगिता एवं “ए.आई. एवं विकसित भारत” की थीम पर चार्ट प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। 

सभी प्रतियोगिताओं में महाविद्यालय की छात्राओं ने बढ़ चढ़कर प्रतिभाग किया। उक्त प्रतियोगिताओं में डॉ. विशाल प्रताप सिंह एवं डॉक्टर कुणाल दीक्षित ने निर्णायक की भूमिका का निर्वहन किया। भाषण प्रतियोगिता के अंतर्गत शालिनी अवस्थी, प्रिया सिंह, प्रिया यादव, प्रगति श्रीवास्तव, सोनम सोनी एवं शबनम ने अपने विचार व्यक्त किये। वाद-विवाद प्रतियोगिता में नेहा यादव, एवं आकांक्षा ने विषय के पक्ष में तथा अंशिका अरोड़ा, अंशिका दीक्षित, एवं शबनम ने विषय के विपक्ष में अपने विचार व्यक्त किये।

क्विज प्रतियोगिता में विभाग की चार टीमों ने प्रतिभाग किया। टीम ए में निष्ठा मिश्रा, मानसी पटेल, सीमा मौर्य एवं मुस्कान गौतम, टीम बी में विनीता गौतम, रिचा तिवारी, कृतिका जायसवाल, टीम सी में शालिनी अवस्थी, मानसी, साक्षी चतुर्वेदी एवं टीम डी में आकांक्षा, प्रगति श्रीवास्तव, तृषा शुक्ला एवं प्रिया सिंह ने प्रतिभाग किया। अमीना शकील, शबनम एवं सोनम सोनी ने क्विज मास्टर की भूमिका का निर्वहन किया। कार्यक्रम के अंत में छात्राओं द्वारा “कृत्रिम बुद्धिमत्ता एवं विकसित भारत” विषय पर अनेक चार्ट प्रस्तुत किए गए। प्रो. शरद कुमार वैश्य के संचालन में हुए कार्यक्रम में तकनीकी सहयोग शिवांगी गुप्ता ने दिया।