Monday , April 6 2026

विधायक डॉ. नीरज बोरा ने विधानसभा में उठाया बंधा मार्ग चौड़ीकरण का मुद्दा, की ये मांग

लखनऊ (टेलीस्कोप टुडे संवाददाता)। लखनऊ उत्तरी विधानसभा क्षेत्र से भाजपा विधायक डॉ. नीरज बोरा ने उत्तर प्रदेश विधानसभा में नियम-301 के तहत लखनऊ विकास प्राधिकरण (LDA) से संबंधित एक अत्यंत महत्वपूर्ण जनहित का मुद्दा उठाया। उन्होंने पक्का पुल से सीतापुर रोड तक बंधा मार्ग के चौड़ीकरण कार्य में हो रही देरी पर कड़ा रुख अपनाते हुए सरकार का ध्यान आकर्षित किया।

घनी आबादी और भारी ट्रैफिक का हवाला देते हुए विधायक डॉ. नीरज बोरा ने सदन को अवगत कराया कि पक्का पुल से सीतापुर रोड तक का लगभग 3 किलोमीटर लंबा बंधा मार्ग वर्तमान में मात्र 5 मीटर चौड़ा है। इस मार्ग के दोनों ओर त्रिवेणी नगर, फैजुल्लागंज और प्रियदर्शिनी कॉलोनी जैसी घनी आबादी वाली कॉलोनियां स्थित हैं। प्रतिदिन 50 हजार से अधिक लोग इस मार्ग का उपयोग करते हैं, जिससे यहाँ निरंतर भीषण जाम, दुर्घटनाएं और भारी जन-असुविधा की स्थिति बनी रहती है।

उन्होंने कहा कि क्षेत्र की समस्या को देखते हुए इस मार्ग को 24 मीटर चौड़ी डिवाइडरयुक्त फोरलेन सड़क के रूप में विकसित करने हेतु लगभग 40 करोड़ रुपये की लागत से कार्य स्वीकृत हो चुका है। लखनऊ विकास प्राधिकरण (LDA) द्वारा इसकी टेंडर प्रक्रिया भी पूरी की जा चुकी है, लेकिन इसके बावजूद धरातल पर निर्माण कार्य अभी तक शुरू नहीं हो सका है। 

डा. नीरज बोरा ने कहा कि निर्माण कार्य में हो रहे अनावश्यक विलंब के कारण क्षेत्रीय जनता में भारी आक्रोश व्याप्त है। अतः कार्यदायी संस्था और संबंधित जिम्मेदार अधिकारियों की जवाबदेही निर्धारित की जाए। लंबित पड़े इस महत्वपूर्ण प्रोजेक्ट को तत्काल प्रभाव से प्रारंभ कराया जाए। डॉ. नीरज बोरा ने जोर देकर कहा कि जनहित में इस फोरलेन सड़क का निर्माण जल्द से जल्द पूरा होना अनिवार्य है ताकि क्षेत्रवासियों को जाम और असुरक्षित सफर से मुक्ति मिल सके।