Monday , February 16 2026

फिल्म निर्माता रोहित शेट्टी के घर फायरिंग के चार आरोपित झज्जर से गिरफ्तार

झज्जर : स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) बहादुरगढ़ की पुलिस टीम ने मुंबई में फिल्म निर्माता रोहित शेट्टी के घर पर हुई फायरिंग के मामले में मुंबई पुलिस के साथ संयुक्त कार्रवाई करके लॉरेंस गैंग से जुड़े उत्तर प्रदेश निवासी तीन शूटरों सहित चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है।एसटीएफ बहादुरगढ़ के प्रभारी राकेश कुमार ने सोमवार को बताया कि चारों आराेपित हरियाणा के झज्जर जिले के अमादलपुर गांव में स्थित एक कंस्ट्रक्शन साइट पर छिपे हुए थे। आरोपिताें से एक पिस्तौल व बाइक बरामद की गई है। सभी को गिरफ्तारी के बाद मुंबई एक्सटॉर्शन सेल के हवाले कर दिया गया है।उल्लेखनीय है कि गत 31 जनवरी की रात को मुंबई के जुहू स्थित रोहित शेट्टी के मकान पर रंगदारी के उद्देश्य से फायरिंग की गई थी। मामले में लॉरेंस गैंग का नाम सामने आया था। मुंबई पुलिस इस मामले में शूटरों की तलाश कर रही थी। इसी बीच पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि शूटर झज्जर जिले में कहीं छिपे हुए हैं। इसके बाद इंस्पेक्टर राकेश कुमार की अगुवाई वाली एसटीएफ बहादुरगढ़ ने मुंबई पुलिस के साथ संयुक्त कार्रवाई शुरू की। सूचनाओं के आधार पर संयुक्त टीम ने माछरौली थाना क्षेत्र के गांव अमादलपुर स्थित एक कंस्ट्रक्शन साइट पर रेड की। जहां से तीनों शूटर अपने एक साथी संग काबू कर लिए गए।आरोपिताें की पहचान रितिक, दीपक, सन्नी व सोनू के रूप में हुई है। रितिक, सन्नी और सोनू यूपी की जिला आगरा के गांव बहाबीजोली के रहने वाले हैं और दोस्त हैं। जबकि दीपक यूपी के सादरपुर गांव का रहने वाला है। इनके खिलाफ मुंबई में केस दर्ज हैं। प्रारंभिक तौर पर इसके अलावा इन पर कोई अन्य केस नहीं मिला है।फिलहाल मामले में सामने आया है कि रितिक यहां अमादलपुर स्थित साइट पर काम करता था। उसने ही यहां तीनों शूटरों को छिपा रखा था। आरोपिताें से पूछताछ में कई अहम खुलासों की संभावना है।उन्हाेंने बताया कि मामले में जांच जारी है। जांच के दौरान जो सामने आता है, उस आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।