Saturday , February 14 2026

AKTU : एमबीए विद्यार्थियों ने किया वरुण बेवरेजेस लिमिटेड का औद्योगिक भ्रमण

लखनऊ (टेलीस्कोप टुडे संवाददाता)। डॉ. ए.पी.जे. अब्दुल कलाम प्राविधिक विश्वविद्यालय (AKTU) के Faculty of Management के एमबीए द्वितीय वर्ष के विद्यार्थियों ने शैक्षणिक गतिविधियों के अंतर्गत वरुण बेवरेजेस लिमिटेड (Pepsi Bottling Plant), संडीला, जनपद हरदोई का औद्योगिक भ्रमण किया। इस भ्रमण का उद्देश्य विद्यार्थियों को उद्योगों की आंतरिक कार्यप्रणाली, उत्पादन प्रक्रिया, पैकेजिंग प्रणाली, विपणन तंत्र एवं खाद्य सुरक्षा मानकों की व्यावहारिक जानकारी प्रदान करना था।

 विद्यार्थियों के दल के साथ संकाय सदस्य डॉ. विनय चतुर्वेदी, डॉ. गजेन्द्र कुमार गुप्ता, शेफाली सिंह एवं अरजू गुप्ता उपस्थित रहे। प्लांट हेड लोकमान शर्मा के नेतृत्व में विद्यार्थियों को विनिर्माण इकाई, पैकेजिंग सेक्शन एवं वेयरहाउस का विस्तृत अवलोकन कराया गया।

भ्रमण के दौरान कंपनी अधिकारियों द्वारा प्लांट की स्थापना, इतिहास, विभिन्न उत्पाद श्रृंखलाओं एवं उनके विविध वैरिएंट्स के संबंध में प्रस्तुतीकरण दिया गया। विद्यार्थियों को बड़े पैमाने पर कोल्ड ड्रिंक निर्माण की स्वचालित प्रक्रिया, गुणवत्ता नियंत्रण प्रणाली तथा खाद्य सुरक्षा प्रशिक्षण के बारे में भी जानकारी प्राप्त हुई।

यह औद्योगिक भ्रमण विद्यार्थियों के लिए अत्यंत ज्ञानवर्धक एवं प्रेरणादायक रहा, जिससे उन्हें प्रबंधन सिद्धांतों को व्यावहारिक रूप में समझने का अवसर मिला। Faculty of Management ने उद्योग–शैक्षणिक सहयोग को सुदृढ़ बनाने की दिशा में ऐसे प्रयासों को भविष्य में भी जारी रखने की प्रतिबद्धता व्यक्त की।