Wednesday , April 1 2026

महाशिवरात्रि से पहले सुएज़ ने चलाया विशेष सफाई अभियान

लखनऊ (टेलीस्कोप टुडे संवाददाता)। महाशिवरात्रि के पावन पर्व को देखते हुए शहर में शिवभक्तों की सुविधा सुनिश्चित करने के लिए सुएज़ द्वारा विशेष सफाई अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान के तहत शहर के प्रमुख मंदिरों, मार्गों और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में स्थित सीवर मैनहोल की प्राथमिकता के आधार पर सफाई की जा रही है, ताकि श्रद्धालुओं को किसी भी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।

सुएज़ की टीम आधुनिक मशीनों और प्रशिक्षित कर्मचारियों के माध्यम से सीवर सफाई का कार्य कर रही है। अभियान का उद्देश्य जलभराव, दुर्गंध या सीवर ओवरफ्लो जैसी समस्याओं को पहले से ही समाप्त करना है, जिससे महाशिवरात्रि के दौरान श्रद्धालुओं की आवाजाही सुचारु रूप से बनी रहे।

इस संबंध में सुएज़ के जनसम्पर्क अधिकारी अक्षत सक्सेना ने बताया कि “सुएज़ की टीम शहर में निरंतर सीवर सफाई का कार्य करती है, लेकिन त्योहारों के समय विशेष अभियान चलाकर अतिरिक्त सतर्कता बरती जाती है। हमारा प्रयास है कि आम जनमानस और शिवभक्तों को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो। सभी सफाई कार्य पूरी सुरक्षा मानकों का पालन करते हुए किए जा रहे हैं और इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाती है।”

सुएज़ द्वारा चलाया जा रहा यह विशेष अभियान महाशिवरात्रि के दौरान स्वच्छता और सुव्यवस्था बनाए रखने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है, जिससे श्रद्धालु निर्बाध रूप से अपने आराध्य भगवान शिव के दर्शन कर सकें।