Tuesday , April 7 2026

अंतरजनपदीय चोर गिरोह के चार आरोपित गिरफ्तार

औरैया : उत्तर प्रदेश के औरैया जनपद में थाना दिबियापुर पुलिस, एसओजी एवं सर्विलांस टीम की संयुक्त कार्रवाई में गुरुवार को चार अंतरजनपदीय चोरों को गिरफ्तार किया गया है। आरोपितों के कब्जे से एक तमंचा, दो जिंदा कारतूस तथा भारी मात्रा में चोरी का सामान बरामद हुआ है। आरोपितों से पूछताछ में तीन मुकदमों का सफल अनावरण किया है।पुलिस अधीक्षक अभिषेक भारती ने बताया कि बीती तीन फरवरी को बाल विकास ज्ञान मंदिर जूनियर हाईस्कूल में चोरी के संबंध में मु.अ.सं. 46/2026 धारा 305(ए) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था। जांच के दौरान आज सूचना पर ग्राम ककुरिया रोड के कच्चे मार्ग से चार आरोपितों को गिरफ्तार किया गया। बरामदगी के आधार पर धारा 317(2) बीएनएस की बढ़ोतरी की गई, जबकि एक आरोपित के खिलाफ आर्म्स एक्ट की धारा 3/25 में अलग से मुकदमा दर्ज हुआ है।गिरफ्तार आरोपितों में सुशील कुमार उर्फ सुआ निवासी भोला का पुरवा, फैजल खान निवासी नारायणपुर, अमित कुमार उर्फ सोनू निवासी सल्लापुर तथा राजकुमार निवासी राहतपुर हैं।एसपी ने बताया कि पूछताछ में आरोपितों से पता चला है कि ये सभी पहले रेकी कर सुनसान स्थानों को निशाना बनाते हैं। इनके कब्जे से 3,145 रुपये नकद, मोटरसाइकिल, ऑटो रिक्शा, चार गैस सिलेंडर, दो एलईडी टीवी, स्पीकर, बैटरी, गैस चूल्हा व अन्य सामान बरामद किया गया है। आरोपितों के आपराधिक इतिहास की जांच की जांच करते हुए अग्रिम कार्रवाई जारी है।