नेचुरल स्टार नानी की बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘द पैराडाइज़’ को लेकर मेकर्स ने बड़ा ऐलान कर दिया है। फिल्म अब दुनियाभर में 21 अगस्त को रिलीज होगी। रिलीज डेट के साथ जारी किया गया नया पोस्टर सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसने फिल्म को लेकर दर्शकों की उत्सुकता बढ़ा दी है।पोस्टर में दो लंबी गूंथी हुई चोटियां दिखाई गई हैं, जिनके सिरों से खून टपक रहा है, जबकि बैकग्राउंड डार्क और रहस्यमय है। यह विजुअल इशारा करता है कि फिल्म की कहानी ग्रिटी, इंटेंस और एक्शन से भरपूर होने वाली है। मेकर्स ने पोस्टर शेयर करते हुए लिखा, “मेरे प्यारे पैराडाइज़ वासियों, ‘द पैराडाइज़’ का ग्रांड रिलीज 21 अगस्त 2026 को दुनियाभर में होगा।”निर्देशक श्रीकांत ओडेला, जिन्होंने ‘दसरा’ से धमाकेदार डेब्यू किया था, इस फिल्म का निर्देशन कर रहे हैं। ‘दसरा’ की सफलता के बाद नानी और ओडेला की जोड़ी फिर साथ आई है, जिससे फैंस की उम्मीदें और भी बढ़ गई हैं। ओडेला ने पोस्टर शेयर करते हुए लिखा, “मैं जल्दबाज़ी नहीं करना चाहता। इसे सही तरीके से देने के लिए थोड़ा समय चाहिए। ‘द पैराडाइज़’ 21-08-2026।”फिल्म का संगीत भी इसकी खासियतों में शामिल है। ओरिजिनल साउंडट्रैक मशहूर संगीतकार अनिरुद्ध रविचंदर ने तैयार किया है, जो फिल्म की भावनात्मक और रोमांचक परतों को और मजबूत बनाएगा।एसएलबी सिनेमाज के बैनर तले बनी ‘द पैराडाइज़’ बड़े पैमाने पर रिलीज की जाएगी। फिल्म तेलुगु, हिंदी, तमिल, कन्नड़, मलयालम, बांग्ला, इंग्लिश और स्पेनिश समेत आठ भाषाओं में सिनेमाघरों में दस्तक देगी। खबर यह भी है कि मेकर्स अंतरराष्ट्रीय स्तर पर फिल्म की पहुंच बढ़ाने के लिए हॉलीवुड अभिनेता रयान रेनॉल्ड्स से संपर्क में हैं। भव्य पैमाने, दमदार विजुअल्स और मजबूत टीम के साथ ‘द पैराडाइज़’ को सिर्फ एक फिल्म नहीं, बल्कि 2026 का एक बड़ा सिनेमाई इवेंट माना जा रहा है।
Telescope Today | टेलीस्कोप टुडे Latest News & Information Portal