Thursday , February 12 2026

दिल्ली में सोनिया, खरगे से मिले डीके शिवकुमार, बोले- यहां राजनीति करने आए

नई दिल्ली : कर्नाटक के उपमुख्यमंत्री डीके शिवकुमार ने कांग्रेस संसदीय दल की अध्यक्ष सोनिया गांधी, पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और अन्य नेताओं से गुरुवार को यहां अलग-अलग मुलाकात की। मुलाकात के बाद शिवकुमार ने कहा कि वह यहां सिर्फ दिल्ली की हवा खाने नहीं आए हैं, बल्कि राजनीति करने आए हैं। उन्होंने यह भी कहा कि आने वाला समय ही हर सवाल का जवाब देगा।सोनिया गांधी से दस जनपथ स्थित आवास पर मुलाकात के बाद शिवकुमार ने पत्रकारों से कहा कि वह सड़क पर खड़े होकर राजनीति नहीं करना चाहते और पार्टी नेतृत्व से सभी जरूरी मुद्दों पर चर्चा कर चुके हैं। उन्होंने पार्टी अध्यक्ष खरगे और महासचिव केसी वेणुगोपाल से भी मुलाकात की जानकारी दी।शिवकुमार ने कहा कि दिल्ली आने पर पार्टी नेतृत्व को सभी मामलों की जानकारी देनी होती है, जिस पर विस्तार से बातचीत हुई। हालांकि शिवकुमार ने राहुल गांधी और प्रियंका गांधी वाड्रा से मुलाकात पर सीधा जवाब नहीं दिया।उन्होंने कहा कि असम विधानसभा चुनाव और अन्य राजनीतिक मामलों पर भी चर्चा की गई। इस दौरान उन्होंने वरिष्ठ नेता भूपेश बघेल और अन्य नेताओं के साथ मिलकर असम में कांग्रेस की सरकार बनाने की रणनीति पर विचार किया।शिवकुमार की इस मुलाकात के बाद कर्नाटक में नेतृत्व परिवर्तन की अटकलें लगाई जा रही हैं। उल्लेखनीय है कि कर्नाटक की कांग्रेस सरकार में नेतृत्व को लेकर खींचतान पिछले साल नवंबर से जारी है, जब सरकार अपने पांच साल के कार्यकाल के आधे रास्ते पर पहुंची थी। इससे पहले कांग्रेस विधायक इकबाल हुसैन ने दावा किया था कि कम से कम 80 विधायकों ने मुख्यमंत्री पद के लिए शिवकुमार का नाम हाईकमान को भेजा है।————