Wednesday , February 11 2026

CUME : वर्ल्ड यूनानी डे पर सम्मानित हुए चिकित्सक

  • हकीम अजमल खान अवॉर्ड से डॉ. फारुकी व प्रो. अनवर सम्मानित
  • डॉ. कमरुल हसन लारी व डॉ. अब्दुल अजींज खान को ‘बेस्ट टीचर’ सम्मान

लखनऊ (टेलीस्कोप टुडे संवाददाता)। यूनानी स्कॉलर्स एसोसिएशन द्वारा वर्ल्ड यूनानी डे के अवसर पर कन्टीन्यूईंग यूनानी मेडिकल एजुकेशन (CUME) कार्यक्रम का आयोजन निरालानगर स्थित होटल रेगनेन्ट में किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता मौलाना खालिद रशीद फिरंगी महली ने की।

इस अवसर पर यूनानी चिकित्सा क्षेत्र में अभूतपूर्व योगदान के लिए डॉ. मोहम्मद अहसन फारुकी एवं प्रो. मोहम्मद अनवर को ‘हकीम अजमल खान अवॉर्ड’ से सम्मानित किया गया। वहीं यूनानी चिकित्सा शिक्षण क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए डॉ. कमरुल हसन लारी एवं डॉ. अब्दुल अजींज खान को ‘बेस्ट टीचर’ के विशेष सम्मान से नवाजा गया।

कार्यक्रम में चिकित्सा क्षेत्र के प्रतिष्ठित विशेषज्ञ डॉ. साजिद अंसारी (डायरेक्टर, एसएस हार्ट केयर सेंटर) एवं न्यूरोलॉजिस्ट डॉ. अब्दुल कवी (डॉ. राम मनोहर लोहिया इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंस) को ‘गेस्ट ऑफ ऑनर’ के रूप में सम्मानित किया गया। देश के विभिन्न शहरों से आए चिकित्सकों की सहभागिता ने आयोजन को गरिमामय बनाया।

मुख्य अतिथि प्रो. जमाल अख्तर (डायरेक्टर ऑफ यूनानी सर्विसेज, उत्तर प्रदेश) ने यूनानी चिकित्सा पद्धति के महत्व पर प्रकाश डाला। मौलाना खालिद रशीद फिरंगी महली ने अपने संबोधन में यूनानी पद्धति की ऐतिहासिक गरिमा का उल्लेख करते हुए इसे जन-जन तक पहुंचाने की अपील की।

हैदराबाद के प्रो. मोहम्मद एहसन फारुकी, प्रयागराज के डॉ. कमरुल हसन लारी, अलीगढ़ के डॉ. अब्दुल अजींज खान एवं प्रो. मोहम्मद अनवर ने विषयगत व्याख्यान प्रस्तुत किए।

कार्यक्रम की शुरुआत नेशनल प्रेसीडेंट डॉ. आमिर जमाल के स्वागत भाषण से हुई, जबकि धन्यवाद ज्ञापन जनरल सेक्रेटरी डॉ. जुहैर कमाल किदवई ने दिया। राष्ट्रगान के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।