Wednesday , February 11 2026

हनुमान भक्ति से सराबोर हुआ चिनहट, मंदिर चलो अभियान से जुड़ रहे श्रद्धालु

लखनऊ (टेलीस्कोप टुडे संवाददाता)। मंदिर चलो अभियान के अंतर्गत चिनहट स्थित रामलीला मैदान में तृतीय हनुमान चालीसा पाठ का भव्य आयोजन किया गया। राम चबूतरा पर बड़ी संख्या में एकत्र श्रद्धालुओं ने रामभक्त हनुमान की महिमा का सामूहिक गुणगान किया। चालीसा पाठ के उपरांत बजरंग बली की भावपूर्ण आरती संपन्न हुई, जिससे संपूर्ण वातावरण भक्तिरस में सराबोर हो गया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए चिनहट प्रथम वार्ड के पार्षद अरुण कुमार राय ने श्रद्धालुओं से मंदिर चलो अभियान से जुड़ने की अपील की। उन्होंने कहा कि मंदिर जाना मन को शांति और आत्मिक सुकून प्रदान करता है। यह न केवल आध्यात्मिक शांति का स्रोत है, बल्कि जीवन में सकारात्मक ऊर्जा का भी संचार करता है। भागदौड़ भरे जीवन में मंदिर ही वह स्थान है जहां व्यक्ति स्वयं से जुड़ पाता है।

भाजपा मंडल अध्यक्ष कमल पांडेय ने कहा कि मंदिर चलो अभियान हिंदू संस्कृति की रक्षा और संरक्षण की दिशा में एक सार्थक पहल है। यह अभियान समाज को अपनी जड़ों से जोड़ने का कार्य करता है। भगवान राम और हनुमान की भक्ति से ही समाज सशक्त बनेगा। उन्होंने युवाओं से विशेष रूप से आग्रह किया कि वे सप्ताह में कम से कम एक बार मंदिर अवश्य जाएं और सोशल मीडिया से इतर आध्यात्मिक शांति का अनुभव करें।

कार्यक्रम में स्थानीय भाजपा कार्यकर्ता, महिलाएं, युवा एवं बच्चे बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। हनुमान चालीसा पाठ के दौरान पूरा मैदान ‘जय हनुमान, जय श्री राम’ के जयघोष से गूंज उठा। आयोजकों ने बताया कि मंदिर चलो अभियान चिनहट क्षेत्र में निरंतर जारी रहेगा और प्रत्येक मंगलवार को सायंकाल यह आयोजन किया जाता है। अब तक तीन सफल हनुमान चालीसा पाठ संपन्न हो चुके हैं।