चार पासपोर्ट सेवा केंद्रों पर जन शिकायत निवारण मेला, 500 आवेदकों को मिला समाधान
लखनऊ (टेलीस्कोप टुडे संवाददाता)। नागरिकों को पासपोर्ट सेवाओं से जुड़ी समस्याओं का त्वरित और प्रभावी समाधान उपलब्ध कराने के उद्देश्य से क्षेत्रीय पासपोर्ट कार्यालय, लखनऊ द्वारा लगातार जनहितकारी पहलें की जा रही हैं। इसी क्रम में 27 दिसंबर 2025 को लखनऊ क्षेत्राधिकार के अंतर्गत संचालित चारों पासपोर्ट सेवा केंद्रों—लखनऊ, कानपुर, गोरखपुर और वाराणसी—में जन शिकायत निवारण मेले का सफल आयोजन किया गया। इस मेले में लगभग 500 पासपोर्ट आवेदकों ने बिना किसी पूर्व अपॉइंटमेंट के अपनी समस्याएं अधिकारियों के समक्ष रखीं।
अधिकांश मामलों का मौके पर निस्तारण, दस्तावेजी त्रुटियों पर मिला मार्गदर्शन
मेले के दौरान उपस्थित अधिकारियों ने आवेदकों की समस्याओं को गंभीरता से सुना और उपलब्ध अभिलेखों व तथ्यों के आधार पर अधिकांश प्रकरणों का तत्काल समाधान किया गया। जिन मामलों में दस्तावेजों से संबंधित त्रुटियां पाई गईं, वहां आवेदकों को आवश्यक परामर्श और मार्गदर्शन प्रदान किया गया। जिससे वे भविष्य में बिना किसी परेशानी के अपने आवेदन पूर्ण कर सकें।
21 फरवरी को फिर लगेगा जन शिकायत निवारण मेला, नागरिकों से अपील
क्षेत्रीय पासपोर्ट अधिकारी शुभम सिंह ने बताया कि 21 फरवरी 2026 को एक बार फिर क्षेत्रीय पासपोर्ट कार्यालय, लखनऊ के अंतर्गत आने वाले चारों पासपोर्ट सेवा केंद्रों पर जन शिकायत निवारण मेला आयोजित किया जाएगा। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि वे निर्धारित तिथि को केवल संबंधित पासपोर्ट आवेदक के रूप में आवश्यक दस्तावेजों के साथ उपस्थित हों, ताकि उनकी समस्याओं का शीघ्र और प्रभावी निस्तारण किया जा सके। उन्होंने कहा कि कार्यालय नागरिक-केंद्रित, पारदर्शी और संवेदनशील सेवाएं प्रदान करने के लिए प्रतिबद्ध है और भविष्य में भी ऐसी जनहितकारी पहलें जारी रहेंगी।
Telescope Today | टेलीस्कोप टुडे Latest News & Information Portal