Monday , February 9 2026

संघ गीतों की संगीतमय प्रस्तुति ने दिया संस्कार और प्रेरणा का संदेश


लखनऊ (टेलीस्कोप टुडे संवाददाता)। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के शताब्दी वर्ष के पावन अवसर पर भारत विकास परिषद, कृष्णा नगर (अवध प्रांत) द्वारा राष्ट्रभाव से ओतप्रोत संघ गीतों की संगीतमय प्रस्तुति “भारत वंदना” आयोजित की गई। उत्तर प्रदेश संगीत नाटक अकादमी, गोमती नगर में आयोजित कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि कैबिनेट मंत्री जयवीर सिंह, विशिष्ट अतिथि भारत विकास परिषद के संगठन मंत्री उपस्थित रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रो. जयंत घोष (अध्यक्ष, उत्तर प्रदेश संगीत नाटक अकादमी) ने की।

मुख्य अतिथि जयवीर सिंह ने कहा कि वह स्वयं को सौभाग्यशाली मानते हैं कि अयोध्या में श्रीराम मंदिर निर्माण और भव्य महाकुंभ जैसे ऐतिहासिक आयोजनों को उनके नेतृत्वकाल में साकार होते देखने का अवसर मिला। उन्होंने कहा कि उनका सार्वजनिक जीवन और नेतृत्व सदैव भारत की सांस्कृतिक उन्नति, परंपराओं के संरक्षण और राष्ट्रचेतना के विस्तार के लिए समर्पित रहा है।

कार्यक्रम में विक्रांत खंडेलवाल ने कहा कि गीत और संगीत केवल कला नहीं, बल्कि समाज की पीढ़ियों को दिशा देने वाली जीवंत शक्ति हैं। जब संगीत राष्ट्रभाव और संस्कारों से जुड़ता है, तो उसका प्रभाव पूरे समाज पर दीर्घकाल तक दिखाई देता है।

“भारत वंदना” में भातखंडे संगीत संस्थान के अनेक प्रतिष्ठित कलाकारों ने संघ गीतों की भावपूर्ण एवं प्रभावशाली संगीतमय प्रस्तुतियाँ दी।

इस अवसर पर भारत विकास परिषद के प्रांतीय अध्यक्ष देवेन्द्र स्वरूप शुक्ल, कृष्णा नगर शाखा के अध्यक्ष डॉ. संजीव अवस्थी, सचिव शशि प्रकाश सिंह सहित मुकेश अग्रहरी, नरेंद्र स्वामी, डॉ. सीमा भारद्वाज एवं केवल कुमार की गरिमामयी उपस्थिति रही।

आयोजकों के अनुसार “भारत वंदना” केवल एक सांस्कृतिक संध्या नहीं, बल्कि शताब्दी वर्ष के ऐतिहासिक संदर्भ में राष्ट्र के प्रति समर्पण, संस्कार और प्रेरणा का उत्सव है।