लखनऊ (टेलीस्कोप टुडे संवाददाता)। बाल निकुंज इंटर कॉलेज मोहिबुल्लापुर गर्ल्स विंग) सभागार में रविवार को यूपी बोर्ड परीक्षा-2026 की तैयारी कर रहे हाईस्कूल व इंटरमीडिएट परीक्षार्थियों के लिए आशीर्वाद समारोह एवं ‘सक्सेस मंत्रा’ कार्यशाला का आयोजन किया गया।

कार्यशाला में बाल निकुंज स्कूल्स एंड कॉलेजेज की चारों शाखाओं के वरिष्ठ विषय-विशेषज्ञ शिक्षकों ने 18 फरवरी से शुरू होने वाली बोर्ड परीक्षा में बेहतर प्रदर्शन और मेरिट में स्थान पाने के लिए विद्यार्थियों को महत्वपूर्ण टिप्स दिए। शिक्षकों ने उत्तर पुस्तिका लेखन, समय प्रबंधन, सामान्य गलतियों से बचाव और विषयवार तैयारी की बारीकियों पर विशेष जोर दिया।

कॉलेज के प्रबंध निदेशक एच.एन. जयसवाल ने विद्यार्थियों को आशीर्वाद देते हुए कहा कि आत्मविश्वास, पूर्ण एकाग्रता और भयमुक्त होकर परीक्षा देना सफलता की कुंजी है। कॉलेज कोऑर्डिनेटर सुधीर मिश्रा ने उत्तर पुस्तिकाओं को सही ढंग से न बांधने से होने वाले नुकसान का उदाहरण देकर छात्रों को सतर्क किया।

बाल निकुंज गर्ल्स एकेडेमी की प्रधानाचार्या डॉ. अनूप कुमारी शुक्ला ने सुंदर लेखन, शब्दावली और कलात्मक प्रस्तुति के माध्यम से अच्छे अंक प्राप्त करने के तरीके बताए। वहीं बीएनआईसी गर्ल्स विंग की प्रधानाचार्या भगवती भंडारी ने विद्यार्थियों को प्रेरित करते हुए कहा कि बोर्ड की मेरिट से भी आगे बढ़कर वैज्ञानिक उपलब्धियों का लक्ष्य रखें।

कार्यक्रम में फिजिक्स प्रवक्ता ऋषि और शैलेंद्र सिंह, बायोलॉजी प्रवक्ता के.एम. मिश्रा, बायो लेक्चरर विश्वास वर्मा तथा गणित प्रवक्ता हिमांशु सहित सभी विषय विशेषज्ञों ने विषयवार तैयारी, डायग्राम, न्यूमेरिकल और रिवीजन को लेकर उपयोगी सुझाव दिए।
कार्यक्रम के अंत में विद्यार्थियों को तिलक लगाकर पुष्पवर्षा की गई, मुंह मीठा कराया गया तथा मां सरस्वती के आशीर्वाद स्वरूप लेखन सामग्री भेंट कर उनका उत्साह बढ़ाया गया। इस अवसर पर कॉलेज प्रबंधन, सभी शाखाओं के प्रधानाचार्य, उप-प्रधानाचार्य, इंचार्ज एवं वरिष्ठ टीचर्स उपस्थित रहे।
Telescope Today | टेलीस्कोप टुडे Latest News & Information Portal