Saturday , February 7 2026

SBI महिला क्‍लब ने स्‍नेहधरा वृद्धाश्रम को भेंट की उपयोगी सामग्री

लखनऊ (टेलीस्कोप टुडे संवाददाता)। भारतीय स्टेट बैंक सदैव समाज के कमजोर एवं निशक्‍तजनों की सेवा पर बल देते हुए उन्‍हें समाज की मुख्य धारा से जोड़ने हेतु प्रयासरत रहता है। इसी क्रम में शुक्रवार को भारतीय स्टेट बैंक, महिला क्लब, लखनऊ मंडल द्वारा बैंक सामुदायिक सेवा कार्यक्रम के अन्‍तर्गत सृजन फाउंडेशन द्वारा संचालित स्‍नेहधरा (अम्‍मा-बप्‍पा का अपना घर) वृद्धजन सेवा केन्‍द्र में निशक्‍त वृद्धजनों की सेवा हेतु कार्यक्रम आयोजित किया गया।

कार्यक्रम में एसबीआई द्वारा निशक्‍त वृद्धजनों के दैनिक उपयोग के लिए वाशिंग मशीन, कामर्शियल जूसर, वाटर कूलर, कम्‍प्‍यूटर एवं अलमारियों के अलावा उनके लिए बेड, बेडशीट, गद्दे, तकिया, पिलो कवर एवं उनके भोजन हेतु कच्‍चा अनाज एवं अन्‍य खाद्य सामग्री भेंट करते हुए उनके बेहतर शारीरिक एवं मानसिक स्‍वास्‍थ्‍य की कामना की गई।

इस कार्यक्रम की अध्‍यक्षता भारतीय स्‍टेट बैंक महिला क्लब, लखनऊ मंडल की अध्यक्ष ऋतुपर्णा दे ने की। इस अवसर पर ऋतुपर्णा दे ने कहा कि भारतीय स्टेट बैंक, महिला क्लब सदैव समाज के कमजोर एवं निशक्‍तजनों की सेवा एवं उन्‍हें सबल बनाने हेतु समय-समय पर उन्‍हें आवश्‍यक सामग्रियां उपलब्ध कराता रहा है। हमारा यह योगदान इनके समग्र कल्याण को बढ़ाते हुए उन्‍हें एक बेहतर जीवन जीने का मार्ग प्रशस्‍त करेगा।

इस अवसर पर भारतीय स्टेट बैंक महिला क्लब की उपाध्यक्ष रेणु राय, सचिव निवेदिता, सृजन फाउंडेशन के अध्‍यक्ष डॉ. अमित सक्‍सेना एवं डॉ. अर्चना सक्सेना और वृद्धाश्रम के बुजुर्गों सहित भारतीय स्टेट बैंक महिला क्लब के कई प्रमुख सदस्य उपस्थित रहे। इस कार्यक्रम का समन्वयन नीतू कुमार ने किया।