लखनऊ (टेलीस्कोप टुडे संवाददाता)। इन्दिरा नगर सेक्टर–8 स्थित ईश्वर धाम मन्दिर प्रांगण में भगवान की असीम कृपा से मन्दिर का 23वां वार्षिकोत्सव शुक्रवार को श्रद्धा, भक्ति एवं आध्यात्मिक उल्लास के वातावरण में भव्य रूप से सम्पन्न हुआ। प्रातः भगवान के अभिषेक, श्रृंगार, आरती एवं दर्शन के साथ कार्यक्रमों का शुभारम्भ हुआ। इसके पश्चात सहस्त्रनामावली मंत्रोच्चार एवं पुष्पार्पण किया गया।
पूर्वाह्न में विधिवत हवन–यज्ञ सम्पन्न हुआ, जिसमें विश्व शांति एवं लोक मंगल की कामना की गई। दोपहर में भगवान को भोग अर्पित कर श्रद्धालुओं में प्रसाद वितरित किया गया। अपराह्न प्रख्यात रामायणी तिवारी बन्धुओं द्वारा संगीतमयी एवं भावपूर्ण सुन्दरकाण्ड पाठ प्रस्तुत किया गया, जिसे सुनकर श्रद्धालु भक्तिरस में सराबोर हो गए।

सायंकाल जयनाथ झा के संचालन में भजनों की विशेष मणिमाला का आयोजन हुआ, जिसमें विशिष्ट कलाकारों के साथ–साथ मन्दिर के भक्तगणों ने भी अपनी–अपनी सुमधुर गायन प्रस्तुतियाँ दीं। संगत में हारमोनियम पर जयनाथ झा जी, तबले पर मास्टर सोहम मिश्रा तथा ढोलक पर शशांक शर्मा ने प्रभावशाली संगत प्रदान कर वातावरण को संगीतमय बना दिया।
कार्यक्रम में मन्दिर की मुख्य ट्रस्टी शारदा पाण्डेय, गौरव पाण्डेय, पंकज गुप्ता, सुधा सिंह, लोक संस्कृति शोध संस्थान की सचिव डा. सुधा द्विवेदी, लोक चौपाल प्रभारी अर्चना गुप्ता, गीता शुक्ला, डा. अंजू भारती सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।
Telescope Today | टेलीस्कोप टुडे Latest News & Information Portal