Tuesday , February 3 2026

एशियन राइफल/पिस्टल चैम्पियनशिप: पिस्टल स्पर्धाओं से भारत को दमदार शुरुआत की उम्मीद

नई दिल्ली : दिल्ली के डॉ कर्णी सिंह शूटिंग रेंज में शुरू हो रही एशियन राइफल/पिस्टल चैम्पियनशिप के पहले प्रतिस्पर्धा दिवस पर भारत की नजरें 10 मीटर एयर पिस्टल स्पर्धाओं पर टिकी हैं। बुधवार को इन स्पर्धाओं के पदक दांव पर होंगे और मेजबान भारतीय टीम मजबूत शुरुआत के इरादे से उतरेगी।भारतीय चुनौती की अगुवाई विश्व चैंपियन सम्राट राणा, वर्ल्ड कप फाइनल विजेता सुरुचि सिंह, ओलंपिक पदक विजेता मनु भाकर और उभरती स्टार ईशा सिंह करेंगी। इन खिलाड़ियों से पदक की प्रबल उम्मीद जताई जा रही है।पहले दिन चार फाइनलप्रतियोगिता के पहले दिन कुल चार फाइनल खेले जाएंगे। इनमें सीनियर पुरुष और महिला वर्ग के अलावा जूनियर और यूथ पुरुष वर्ग शामिल हैं। सम्राट राणा और सुरुचि सिंह को स्वर्ण पदक का दावेदार माना जा रहा है, जबकि महिला वर्ग में मनु भाकर और ईशा सिंह से भी शीर्ष प्रदर्शन की उम्मीद है।अंतरराष्ट्रीय चुनौती भी मजबूतमहिला वर्ग में हांगकांग की हो चिंग शिंग बड़ी प्रतिद्वंद्वी मानी जा रही हैं। वह विश्व रैंकिंग में शीर्ष खिलाड़ियों में शामिल हैं और एशियन स्तर पर लगातार अच्छा प्रदर्शन कर चुकी हैं। चीनी ताइपे की चेंग येन-चिंग और वियतनाम की अनुभवी थु विन्ह त्रिन्ह भी पदक की दौड़ को कड़ा बना सकती हैं।पुरुष वर्ग में भारत के सम्राट राणा के साथ वरुण तोमर और शरवन कुमार भी चुनौती पेश करेंगे। कजाकिस्तान, चीनी ताइपे और उज्बेकिस्तान के निशानेबाज़ भारतीय खिलाड़ियों के लिए कड़ी टक्कर साबित हो सकते हैं।बड़ी भारतीय टीमभारत ने इस चैम्पियनशिप में 118 खिलाड़ियों का बड़ा दल उतारा है, जो सभी देशों में सबसे बड़ा है। कजाकिस्तान दूसरा सबसे बड़ा दल लेकर आया है। कोरिया, जापान, चीनी ताइपे और वियतनाम जैसी पारंपरिक ताकतें भी मजबूत टीमों के साथ उतरी हैं।मेजबान होने के साथ-साथ हालिया अंतरराष्ट्रीय सफलताओं से उत्साहित भारतीय दल से इस महाद्वीपीय प्रतियोगिता में शानदार शुरुआत की उम्मीद की जा रही है।