Sunday , February 1 2026

जानकीपुरम में डेढ़ करोड़ की लागत से बनेगा खेल स्टेडियम, विधायक ने किया भूमिपूजन

लखनऊ (टेलीस्कोप टुडे संवाददाता)। लखनऊ उत्तर के विधायक डा. नीरज बोरा ने रविवार को लखनऊ विकास प्राधिकरण की योजना के अंतर्गत जानकीपुरम के सेक्टर-जे स्थित खेल मैदान के विकास हेतु प्रस्तावित निर्माण कार्य का भूमिपूजन कर शुभारंभ किया। यह खेल मैदान सेंट मैरी हॉस्पिटल के पीछे स्थित है।

अब तक वीरान पड़ी इस भूमि पर लगभग डेढ़ करोड़ रुपये की लागत से एक आधुनिक खेल स्टेडियम का निर्माण किया जाएगा। प्रस्तावित स्टेडियम में खेलकूद, शारीरिक व्यायाम एवं सामुदायिक गतिविधियों के लिए सुव्यवस्थित, सुरक्षित और आधुनिक सुविधाएँ विकसित की जाएँगी। इसके निर्माण से क्षेत्र के बच्चों, युवाओं एवं खिलाड़ियों को नियमित अभ्यास और प्रतिभा निखारने के लिए उपयुक्त मंच उपलब्ध होगा। खेल मैदान के विकास से क्षेत्र में खेल संस्कृति को बढ़ावा मिलेगा तथा युवाओं को स्वस्थ, अनुशासित और सकारात्मक जीवनशैली अपनाने की प्रेरणा प्राप्त होगी।

इस अवसर पर विधायक डॉ. नीरज बोरा ने कहा कि खेल मैदान केवल मनोरंजन का साधन नहीं होते, बल्कि यह युवाओं के शारीरिक, मानसिक एवं सामाजिक विकास का सशक्त माध्यम हैं। उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा शहरी क्षेत्रों में आधारभूत सुविधाओं के विकास के साथ-साथ खेल अवसंरचना को सुदृढ़ करने पर विशेष बल दिया जा रहा है, जिससे नई पीढ़ी को रचनात्मक और सकारात्मक दिशा मिल सके।

इस अवसर पर भाजपा लखनऊ उत्तर मंडल पांच के अध्यक्ष संजय तिवारी, निवर्तमान मंडल अध्यक्ष राकेश पांडे, पार्षद राजकुमारी मौर्य, निशा तिवारी, दीपक लोधी के साथ ही सतीश वर्मा, विवेक श्रीवास्तव, हर्षिका जायसवाल सहित लखनऊ विकास प्राधिकरण के अधिकारी, गणमान्य नागरिक एवं बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।