Thursday , January 22 2026

उत्तरायणी कौथिग : लोकसंगीत, नृत्य संग हुई विभिन्न प्रतियोगिताएं

लखनऊ (टेलीस्कोप टुडे संवाददाता)। उत्तरायणी कौथिग 2026 के आठवें दिन कौथिग परिसर लोकसंस्कृति के रंगों में सराबोर रहा। उत्तराखण्ड से आए प्रसिद्ध लोकगायक चन्द्रप्रकाश ने अपने लोकप्रिय लोकगीतों की प्रस्तुतियों से दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। पर्वतीय महापरिषद के महासचिव महेन्द्र सिंह रावत ने बताया कि कौथिग मंच से मिली पहचान के बाद चन्द्रप्रकाश बीते तेरह वर्षों से लगातार अपनी प्रस्तुतियों के माध्यम से लोकसंस्कृति को समृद्ध कर रहे हैं।

सांस्कृतिक कार्यक्रमों की श्रृंखला में क्षेत्रीय शाखाओं की नृत्य प्रस्तुतियां, झोड़ा प्रतियोगिताएं, “पहाड़ी धुनों पर देशी ठुमका” एवं छपेली प्रतियोगिता “झूमिगो सीजन-4” आयोजित की गईं, जिनमें विभिन्न शाखाओं और संस्थाओं की टीमों ने भाग लिया। “पहाड़ की आवाज” प्रतियोगिता के दूसरे दौर में चयनित प्रतिभागियों ने अपनी कला का प्रदर्शन किया।

हल्द्वानी से आए म्यूजिकल ग्रुप ने ढोलक, कीबोर्ड, बांसुरी, तबला और ऑक्टोपैड के माध्यम से कार्यक्रमों को संगीतमय बनाया। लोकगाथा पर आधारित नृत्य नाटिका “माधो सिंह भण्डारी” का प्रभावशाली मंचन भी किया गया।

इस अवसर पर मिस उत्तरायणी निधि आर्या एवं मिस्टर उत्तरायणी शशांक सक्सेना को सम्मानित किया गया। मुख्य अतिथि दिल्ली विधायक मोहन सिंह बिष्ट तथा विशिष्ट अतिथियों का पारंपरिक तरीके से अभिनंदन किया गया। द्वितीय सत्र की मुख्य अतिथि अपर मुख्य सचिव लीना जौहरी को भी सम्मान प्रदान किया गया।

उत्तरायणी कौथिग 2026 के अवसर पर पद्मश्री प्रोफेसर एम.सी. पंत चिकित्सा सम्मान लखनऊ के ख्यातिप्राप्त नेत्र रोग विशेषज्ञ डॉ. विनीत साह को प्रदान किया गया। कार्यक्रम में पर्वतीय महापरिषद, युवा एवं महिला प्रकोष्ठ के पदाधिकारी, कलाकार एवं बड़ी संख्या में दर्शक उपस्थित रहे।