नई दिल्ली : महाराष्ट्र के नगर निगम चुनावों में मिली अभूतपूर्व सफलता पर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने प्रसन्नता व्यक्त की है। भाजपा ने कहा है कि इस जनादेश ने यह स्पष्ट कर दिया है कि जनता ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की नीतियों, उनके राष्ट्रवाद और विकसित भारत के संकल्प को अपना आशीर्वाद दिया है।भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री तरुण चुग ने शुक्रवार को पार्टी मुख्यालय में पत्रकार वार्ता में कहा कि जनता ने इंडी गठबंधन को वोट के माध्यम से नकार दिया है। उन्होंने कहा कि 26 मई 2014 से लेकर लगातार प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भाजपा और राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन निरंतर ऊंचाइयों की ओर बढ़ा है और आज भी भरपूर मात्रा में जनता का आशीर्वाद मिला है। आज महाराष्ट्र के भीतर नगर निकाय के चुनावों में मिले जनादेश ने यह स्पष्ट कर दिया है कि जनता ने प्रधानमंत्री मोदी की नीतियों, उनके राष्ट्रवाद और विकसित भारत के संकल्प को अपना आशीर्वाद दिया है।उन्होंने कहा कि यह परिणाम राष्ट्रवादी शक्तियों की जीत है और परिणाम आने से पहले ही राहुल गांधी ने पुराने राग को नए तरीके से अलापना शुरू कर दिया है। कभी कहते हैं ईवीएम गलत है, कभी चुनाव आयोग गलत है और कभी वोटर लिस्ट गलत है। राहुल गांधी के लिए संदेश साफ है कि गलत ईवीएम नहीं, बल्कि उनकी राजनीति गलत है, उनका इतिहास गलत है, उनकी हिमालयन मिस्टेक्स और उनकी नीतियां गलत हैं।चुग ने कहा कि भारत की जनता बहुत समझदार है और वह पहाड़ से लेकर सागर तक, चाहे गोविंदपुरम हो, मुंबई हो, पुणे की पहाड़ियां हों या भारत का कोई भी हिस्सा, हर जगह कांग्रेस और उसके गठबंधनों को लगातार सजा दे रही है। राहुल गांधी को आईना साफ करने की आवश्यकता नहीं है, क्योंकि आईना साफ करने से भी चेहरे पर लगे कालिख के निशान नहीं मिट सकते। वास्तव में वे अपनी हार का ठीकरा दूसरों पर फोड़ने की कोशिश कर रहे हैं, जबकि उनके काले कारनामों पर देश की जनता, विशेषकर महाराष्ट्र की जनता उन्हें वोट की चोट से सजा दे रही है। यह यात्रा 26 मई 2014 से शुरू हुई, जो अब भी जारी है।—————
Telescope Today | टेलीस्कोप टुडे Latest News & Information Portal