Wednesday , January 14 2026

बाल निकुंज : पारिस्थितिकी बहाली पर हुआ जागरूकता कार्यक्रम

लखनऊ (टेलीस्कोप टुडे संवाददाता)। बाल निकुंज इंटर कॉलेज, मोहिबुल्लापुर शाखा में मंगलवार को 137 कंपोजिट इकोलॉजिकल टास्क फोर्स बटालियन, 39 गोरखा राइफल्स, लखनऊ द्वारा “गोमती टास्क फोर्स फॉर रीजुवेनेशन ऑफ गोमती रिवर” के अंतर्गत पारिस्थितिकी बहाली (पर्यावरण शुद्धिकरण) पर आधारित जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए टास्क फोर्स के कमांडर महेश कुमार ने कहा कि प्राचीन काल में गंगा में तांबे के सिक्के डाले जाते थे, जिससे जल शुद्धिकरण होता था, लेकिन वर्तमान समय में डाले जाने वाले सिक्के तांबे के नहीं होते, जिससे कोई लाभ नहीं होता। उन्होंने छात्रों को अंधविश्वास से बचने की अपील की। उन्होंने यह भी बताया कि अस्थि विसर्जन से जल में घुलने वाले तत्व जलजीवों और वनस्पतियों के लिए लाभकारी होते हैं।

कार्यक्रम में तुलसी, नीम, एलोवेरा, गिलोय, ब्राह्मी, पत्थरचट्टा, हड़जोड़ और लेमनग्रास जैसे औषधीय पौधों के गुणों की जानकारी दी गई। बताया गया कि ब्राह्मी स्मरण शक्ति बढ़ाती है, हड़जोड़ हड्डियों को मजबूत करता है, लेमनग्रास चाय में उपयोग से स्फूर्ति देता है, जबकि पत्थरचट्टा पथरी से बचाव में सहायक है।

इसके साथ ही योगासन, सूर्य नमस्कार और नियमित व्यायाम के महत्व पर प्रकाश डाला गया। प्रातःकाल मध्यम गति से दौड़ने को स्वास्थ्य के लिए लाभकारी बताया गया। छात्रों को न केवल जानकारी ग्रहण करने बल्कि उसे अपने जीवन में अपनाने के लिए प्रेरित किया गया। इस अवसर पर छात्रों को औषधीय पौधे वितरित किए गए और पर्यावरण संरक्षण की शपथ दिलाई गई।

कार्यक्रम में कॉलेज के प्रबंध निदेशक एचएन जायसवाल, प्रधानाचार्या भगवती भंडारी, शिक्षकगण तथा टास्क फोर्स की पूरी टीम उपस्थित रही।