Thursday , February 12 2026

धूमधाम से मनाई गई अटल जी की जन्म शताब्दी

नेताजी सुभाष चंद्र बोस राजकीय महिला महिला स्नातकोत्तर महाविद्यालय अलीगंज में पुष्पांजलि कार्यक्रम

लखनऊ (टेलीस्कोप टुडे संवाददाता)। नेताजी सुभाष चंद्र बोस राजकीय महिला स्नातकोत्तर महाविद्यालय, अलीगंज में भारत रत्न, पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय अटल बिहारी वाजपेयी की जन्म शताब्दी समारोह हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर महाविद्यालय की प्राचार्य प्रोफेसर रश्मि बिश्नोई सहित शिक्षक एवं कर्मचारियों ने अटल जी के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्राचार्य प्रोफेसर रश्मि बिश्नोई ने कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी सदैव समरसता और सौहार्द के पक्षधर रहे। वे राजनीति में अजातशत्रु के रूप में जाने जाते थे और उनका व्यक्तित्व सभी के लिए प्रेरणास्रोत है। प्रोफेसर शरद वैश्य ने कहा कि वर्तमान पीढ़ी अटल जी के जीवन से राष्ट्रप्रेम, लोकतांत्रिक मूल्यों और नैतिक राजनीति की सीख ले सकती है।

इस अवसर पर डॉ. भास्कर शर्मा ने अटल जी के व्यक्तित्व और कृतित्व पर आधारित कविता का सस्वर पाठ किया, जिसे उपस्थित जनसमूह ने सराहा। महाविद्यालय की छात्राओं ने भी अटल जी को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उनके चित्र पर पुष्प अर्पित किए।

कार्यक्रम के दौरान सुशासन दिवस की महत्ता को रेखांकित करते हुए सभी को यह संकल्प दिलाया गया कि वे देश, समाज और अपने दायित्वों के प्रति निष्ठावान रहते हुए शुचिता और ईमानदारी के साथ कार्य करेंगे।