Sunday , December 7 2025

हिंदुस्तान हस्तशिल्प महोत्सव : दिखा कला और परंपरा का अद्भुत संगम

लखनऊ (टेलीस्कोप टुडे संवाददाता)। स्मृति उपवन में चल रहे हिंदुस्तान हस्तशिल्प महोत्सव की सांस्कृतिक संध्या का शुभारंभ बतौर मुख्य अतिथि मौजूद पार्षद पूजा जसवानी, विशिष्ट अतिथि डॉ. मालविका हरिओम, सीमा जसवानी, अलका जसवानी, आयोजक अरुण प्रताप सिंह, गुंजन वर्मा, रनवीर सिंह और हेमू चौरसिया ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। 

क्रिएटिव डांस अकैडमी की निर्देशिका अर्पिता सिंह के संयोजन में प्रस्तुत नृत्य में कला और परंपरा का अद्भुत संगम देखने को मिला। अविका, आरिका, विद्यांशी, अंशिका, वरा, भूमि, नेहल, समृद्धि और वैष्णवी की मनमोहक प्रस्तुतियों ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। 

कार्यक्रम में रेयान मंच की ओर से प्रतिष्ठित रेयान अस्मिता सम्मान 2025 दिया गया। पिछले दस वर्षों से प्रति वर्ष 24 उत्कृष्ट महिलाओं को यह सम्मान दिया जाता रहा है। विशेष रूप से गृहिणियों को समर्पित गृहिणी सम्मान, जो परिवार के लिए अपने करियर व शिक्षा का त्याग करने वाली महिलाओं को सम्मानित करता है, इस वर्ष मधु गुप्ता को प्रदान किया गया। सम्मान समारोह में मुख्य अतिथि डॉ. मालविका हरिओम, विशिष्ट अतिथि ऐश्वर्या सिन्हा, अति विशिष्ट अतिथि रेयान सिन्हा तथा कार्यक्रम की अध्यक्ष डॉ. अनीता श्रीवास्तव उपस्थित रहीं। 

लिरिक्स एकेडमी ऑफ म्यूजिक द्वारा प्रस्तुत कार्यक्रम में वैष्णवी, अक्षिता और रिधिमा ने गणेश वंदना पर नृत्य किया, जबकि सिद्धि ने श्री कृष्ण गोविंद हरे मुरारी भजन प्रस्तुत किया। इसके अलावा अक्षिता, रिधिमा, वैष्णवी, प्रिशा, अश्वी, निहारिका और हिमांशी का समूह नृत्य तथा अंशू की अच्युतम केशवम प्रस्तुति विशेष सराहना का केंद्र रही। सोलो कलाकार अनोखी ने नगाड़े संग ढोल बाजे पर नृत्य प्रस्तुत कर दर्शकों की खूब तालियाँ बटोरीं।