लखनऊ (टेलीस्कोप टुडे संवाददाता)। बीरबल साहनी मार्ग स्थित श्री खाटू श्याम मंदिर में भागवताचार्य किरीट भाई जी महाराज की साप्ताहिक श्रीमद् भागवत कथा 22 नवंबर से 28 नवंबर तक मध्याह्न 3 बजे से 7 बजे तक चलेगी। श्रीमद् भागवत कथा से पूर्व शुक्रवार शाम कलश यात्रा निकाली गई। पंचमुखी हनुमान जी महाराज मंदिर से प्रारंभ होकर यात्रा खाटू श्याम मंदिर पर संपन्न हुई। गाजे बाजे के साथ भक्तिमय माहौल में गीत गाते हुए बड़ी संख्या में महिलाए सिर पर कलश रखकर चल रही थी। वहीं पीछे रथ पर सवार भागवताचार्य किरीट भाई जी महाराज भक्तों को अपना आशीर्वाद दे रहे थे।

कलश यात्रा से पूर्व प्रेस वार्ता में किरीट भाई जी महाराज ने कहा कि श्रीमद्भागवत का श्रवण करना केवल पितरों का उद्धार नहीं बल्कि अपनी आत्मा के उद्धार के लिए भी है। भागवत में तत्व ज्ञान, राजनीति, समाज शास्त्र से लेकर सबका वर्णन है। इसलिए महज वयोवद्ध नहीं युवा भी कथा का श्रवण करने के लिए आए।

किरीट भाई ने कहा कि मोह हमेशा भोग लेता है और प्रेम हमेशा भोग देता है। परमात्मा श्रीकृष्ण जीव मात्र के हितैषी ही हैं। गुरु पर हमेशा समर्पण और विश्वास होना चाहिए। गुरु और शिष्य का नाता जन्म-जन्म का होता है। जो गुरु आपका हमेशा मानसिक हमराही बन जाए, सही मार्ग दिखाए, वही सच्चा गुरु है।

उन्होंने कहा कि निष्काम कर्म, भक्ति, ज्ञान और अनुशासन पाप कर्मों से मुक्ति का बड़ा साधन है। भगवान श्री कृष्ण ने अर्जुन को बताया कि मनुष्य वासना और निहित स्वार्थों के कारण पाप करने पर मजबूर होता है। पाप कर्मों के कारण उस व्यक्ति के अंदर लोभ, मोह, अहंकार जैसे विकार आ जाते हैं। उन्होंने कहा कि व्यक्ति को निष्काम कर्म के माध्यम से अपने कर्मों को शुद्ध करना चाहिए। यानि कर्म करते समय फल की आकांक्षा नहीं होनी चाहिए। इससे आत्मिक विकास, स्वतंत्रता और मोक्ष की प्राप्ति होती है।

भक्ति के बारे में उन्होंने कहा कि भगवान के प्रति आदर और भक्ति के माध्यम से भी पाप कर्मों से मुक्ति प्राप्त की जा सकती है। गीता में ज्ञान का महत्व बताया गया है, ज्ञान के माध्यम से हम अपने कर्मों को सही दिशा में ले जा सकते हैं और अच्छे-बुरे का फर्क कर सकते हैं। अनुशासन के माध्यम से भी हम अपने कर्मों को शुद्ध कर सकते हैं यह हमें सही मार्ग पर चलने में मदद करता है।
इस अवसर पर कार्यक्रम आयोजक अतुल अग्रवाल, सुषमा अग्रवाल, महामंत्री रूपेश अग्रवाल, अनुराग साहू, पंकज मिश्रा सहित बड़ी संख्या भक्तगण उपस्थित रहें।
Telescope Today | टेलीस्कोप टुडे Latest News & Information Portal