लखनऊ (टेलीस्कोप टुडे संवाददाता)। किसी भी कार्य को करने के लिए संकल्पित होना जरूरी है। अगर आप संकल्पित है तो उसका कोई विकल्प नहीं होना चाहिए बल्कि निर्धारित समय पर ही कार्य करना चाहिए। अदीरा स्पिरिचुअल क्लब द्वारा शनिवार को भागीरथी एन्क्लेव अवध विहार योजना में आयोजित भक्ति संवाद कार्यक्रम में उक्त बातें क्लब की संस्थापिका व सीईओ रितिका चौधरी ने कही।

सनातन धर्म के मार्ग एवं आध्यात्मिक चिंतन व साधना के प्रचार प्रसार हेतु जन जागरण को एक मंच पर लाने के उद्देश्य से आयोजित कार्यक्रम में उन्होंने कहा कि प्राचीन समय में गुरु गुप्त विद्या देते थे, लेकिन आज ऐसा नहीं है। जब आप आध्यात्मिक यात्रा को शुरू करेंगे तो अपने आप ऊर्जा मिलेगी।

बतौर मुख्य अतिथि मौजूद वास्तु एक्सपर्ट सोहानी पाण्डेय ने कहा कि हमें हर वह कार्य करना चाहिए जिससे मन को शांति मिले। क्योंकि स्वस्थ जीवन जीने के लिए संतुलन और मन की शांति बहुत जरूरी है। सकारात्मक सोच और आत्म-चिंतन से मन को शांत रखने में सहयोग मिलता है। योग और प्राणायाम करने से भी शरीर और मन दोनों को शांति मिलती है। इसलिए अपने विचारों को सकारात्मक दिशा में मोड़ने का प्रयास करें और आत्म-चिंतन के माध्यम से अपने मन को शांत करें।

उन्होंने कहा कि जीवन में धर्म और आध्यात्म दोनों का संतुलन बहुत महत्वपूर्ण है। दोनों का संतुलन हमें जीवन में संतुष्टि और शांति प्रदान करता है। धर्म हमें सामाजिक और नैतिक जिम्मेदारियों के बारे में सिखाता है, जबकि आध्यात्म हमें अपने अंदर की आत्मा को समझने और परमात्मा से जुड़ने का मार्ग दिखाता है।
इस मौके पर भागीरथी इंक्लेव की अध्यक्ष डा. पूजा सिंह, कंचन शुक्ला, पुष्पा शर्मा, जीडी गोयनका की शिक्षिका एकता सिंह सहित काफी संख्या में सोसाइटी के निवासी मौजूद रहे।