Thursday , August 21 2025

कमियां छुपाते नजर आए जिम्मेदार, लोगों ने खोली पोल

लखनऊ (टेलीस्कोप टुडे संवाददाता)। भारतेंदु हरिशचंद्र वार्ड के सेक्टर – “ए” सीतापुर रोड योजना कालोनी और पल्टन छावनी में क्षेत्रीय विधायक डा. नीरज बोरा के औचक निरीक्षण की जानकारी मिलने से हड़कंप मच गया। सुबह से ही जिम्मेदार अधिकारी और कर्मचारी कमियां छुपाने का प्रयास करते नजर आए। 

इंजीनियरिंग कॉलेज चौराहे से मड़ियांव जाने वाले सर्विस लेन पर अस्थाई कूड़ा पड़ाव घर में सुबह से ही सफाई शुरू हो गई। चूने का छिड़काव कर गंदगी को दूर करने की कोशिश की गई। लेकिन निरीक्षण के दौरान कमियां छुप नहीं पाई। अस्थाई कूड़ा पड़ाव घर के चलते पूरे सड़क पर फैली गंदगी देख विधायक ने नाराजगी जताई। उन्होंने साथ में मौजूद नगर निगम के अधिकारियों को तत्काल अस्थाई कूड़ा पड़ाव घर दूसरे स्थान पर शिफ्ट किए जाने के निर्देश दिए।

यही नहीं सर्विस लेन पर जगह जगह गड्ढे को भी मलवा डालकर पाट दिया गया। वहीं सुएज इंडिया के अधिकारियों ने सीवर जाम की समस्या से निजात दिलाने के नाम पर अपना तर्क देते नजर आए। अधिकारियों का कहना था सीवर लाइन घरों के पीछे सकरी गलियों में होने के कारण सफाई में दिक्कत आ रही है।

वही स्थानीय निवासियों ने अवगत कराया कि कुछ गलियों को छोड़कर पूरे क्षेत्र में सीवर लाइन मुख्य सड़कों पर है। सीवर जाम की समस्या से जूझ रहे स्थानीय निवासियों की शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए विधायक ने अविलंब समस्या दूर किए जाने का निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिया।