लखनऊ (टेलीस्कोप टुडे संवाददाता)। विश्व पर्यावरण दिवस के उपलक्ष्य में बैंक ऑफ बड़ौदा, लखनऊ अंचल द्वारा रविवार को जनेश्वर मिश्र पार्क में वॉकाथॉन का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का उद्देश्य प्लास्टिक के उपयोग से होने वाले दुष्प्रभावों के प्रति जागरूकता फैलाना और पर्यावरण अनुकूल, सतत जीवनशैली को अपनाने हेतु प्रेरित करना था।
#BeatPlasticPollution की थीम पर आधारित इस कार्यक्रम में बैंक के शाखा कार्यालयों, क्षेत्रीय कार्यालयों और अंचल कार्यालय के स्टाफ सदस्यों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। यह पहल लोगों को सिंगल यूज़ प्लास्टिक से होने वाले नुकसान और उसकी रोकथाम के लिए व्यक्तिगत व सामूहिक जिम्मेदारी के प्रति संवेदनशील बनाने के उद्देश्य से की गई।
इस अवसर पर शैलेन्द्र कुमार सिंह (अंचल प्रमुख, बैंक ऑफ बड़ौदा), उप महाप्रबंधक, क्षेत्रीय प्रमुख तथा अन्य वरिष्ठ अधिकारीगण भी उपस्थित थे। जिनकी उपस्थिति ने बैंक की पर्यावरणीय और सामाजिक उत्तरदायित्व के प्रति प्रतिबद्धता को दर्शाया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए शैलेन्द्र कुमार सिंह ने कहा, “विश्व पर्यावरण दिवस से पहले यह वॉकाथॉन एक जागरूकता अभियान है। प्लास्टिक प्रदूषण हमारे पारिस्थितिक तंत्र और मानव स्वास्थ्य के लिए गंभीर खतरा बना हुआ है। बैंक ऑफ बड़ौदा एक जिम्मेदार संस्था के रूप में पर्यावरण संरक्षण के लिए सदैव अग्रणी भूमिका निभाता रहा है। इस पहल के माध्यम से हम समाज को यह संदेश देना चाहते हैं कि छोटी-छोटी सकारात्मक आदतें बड़े बदलाव ला सकती हैं। आइए हम सभी प्लास्टिक के उपयोग को कम करने का संकल्प लें और पर्यावरण की रक्षा करें।”
यह पहल बैंक ऑफ बड़ौदा की पर्यावरणीय, सामाजिक और प्रशासनिक (ESG) प्रतिबद्धताओं का हिस्सा है। जो बैंक की एक जिम्मेदार और सतत कॉर्पोरेट नागरिक के रूप में भूमिका को और सुदृढ़ करती है।