Friday , February 13 2026

ऑल इंडिया काउंसिल ऑफ मेयर्स की महासचिव बनीं महापौर सुषमा खर्कवाल

लखनऊ (टेलीस्कोप टुडे संवाददाता)। नगर निगम लखनऊ की महापौर सुषमा खर्कवाल को देशभर के महापौरों के संगठन ‘ऑल इंडिया काउंसिल ऑफ मेयर्स’ (AICM) का महासचिव नियुक्त किया गया है। 

AICM की ओर से सुषमा खर्कवाल की कार्यकुशलता, निष्ठा और नेतृत्व क्षमता की सराहना करते हुए कहा गया है कि संगठन को उन पर पूरा भरोसा है। AICM ने विश्वास जताया कि श्रीमती खर्कवाल अपने कर्तव्यों का निर्वहन उच्चतम स्तर की व्यावसायिकता और जिम्मेदारी के साथ करेंगी। AICM के सचिव ने श्रीमती खर्कवाल का संगठन में स्वागत करते हुए उनके बहुमूल्य योगदान की अपेक्षा जताई है।

सुषमा खर्कवाल की यह नियुक्ति लखनऊ शहर के लिए गौरव की बात है। इससे न केवल नगर निगम के कार्यों को राष्ट्रीय मंच पर पहचान मिली है, बल्कि नगर प्रशासन में महिला नेतृत्व की भूमिका को भी मजबूती मिली है।

महासचिव पद पर नियुक्ति के बाद सुषमा खर्कवाल ने कहा, “यह मेरे लिए सम्मान की बात है। मुझे जिस विश्वास और जिम्मेदारी के साथ यह पद सौंपा गया है, मैं उस पर खरा उतरने का हर संभव प्रयास करूंगी। यह लखनऊ के नागरिकों की जीत है, जिनके विश्वास और सहयोग से मैं यहां तक पहुंची हूं।”