Saturday , May 3 2025

विज्ञान फाउंडेशन : मजदूर दिवस पर हुआ श्रमिक संवाद और जागरूकता कार्यक्रम

लखनऊ (टेलीस्कोप टुडे संवाददाता)। अंतर्राष्ट्रीय मजदूर दिवस के अवसर पर विज्ञान फाउंडेशन द्वारा इंडिया लेबर लाइन कार्यक्रम के अंतर्गत पलटन छावनी आश्रय गृह में विशेष श्रमिक संवाद और जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस कार्यक्रम में 150 से अधिक श्रमिकों ने भाग लिया, जिनमें दिहाड़ी मजदूरी करने वाले श्रमिक, निर्माण श्रमिक और अन्य असंगठित क्षेत्र के श्रमिक शामिल थे।

कार्यक्रम का उद्देश्य श्रमिकों के अधिकारों, कल्याणकारी योजनाओं और श्रम कानूनों के प्रति जागरूकता फैलाना था। यह दिन श्रमिकों के संघर्षों और योगदान को सम्मानित करने का भी एक महत्वपूर्ण अवसर था।

कार्यक्रम का संचालन गुरु प्रसाद ने किया। जिन्होंने पूरे कार्यक्रम को सुचारू रूप से संचालित करते हुए श्रमिकों को जागरूक किया और उन्हें प्रेरित किया। उन्होंने इंडिया लेबर लाइन कार्यक्रम की जानकारी देते हुए बताया कि इसके अंतर्गत 1800-833-9020 टोल-फ्री नंबर जारी किया गया है, जिस पर श्रमिक अपनी समस्याएं और शिकायतें दर्ज कर सकते हैं। उन्होंने बताया कि वित्तीय वर्ष 2024-25 में इस हेल्पलाइन पर कुल 1463 शिकायतें दर्ज हुईं, जिनमें से 543 शिकायतों का निस्तारण किया जा चुका है। इन निस्तारित मामलों के अंतर्गत 2205 श्रमिकों को कुल 1,71,68,506 रुपये की बकाया मजदूरी दिलवाई गई है, जो इस पहल की प्रभावशीलता को दर्शाता है।

संजय ने मजदूर दिवस के महत्व पर प्रकाश डालते हुए श्रमिकों को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक किया। उन्होंने कहाकि श्रमिकों के बिना समाज और अर्थव्यवस्था की कल्पना संभव नहीं है।

खालिद चौधरी ने श्रमिकों के अधिकारों की रक्षा और न्यायपूर्ण कार्य वातावरण की आवश्यकता पर जोर दिया। अरविंद कुमार ने श्रमिकों को उनके सामाजिक और आर्थिक अधिकारों के प्रति सजग किया और सामूहिकता के माध्यम से अपनी समस्याओं को स्वर देने की अपील की।

दत्तोपंत ठेंगड़ी श्रम शिक्षा बोर्ड के क्षेत्रीय निदेशक सीपी सिंह ने श्रम शिक्षा के महत्व पर बल दिया और कहा कि शिक्षित श्रमिक अपने अधिकारों की बेहतर तरीके से रक्षा कर सकते हैं। दिहाड़ी मजदूर संगठन के प्रदेश महामंत्री रामनाथ ने श्रमिकों को संगठित होकर श्रमिक संघों से जुड़ने के लिए प्रेरित किया।

कार्यक्रम के दौरान विज्ञान फाउंडेशन और शेल्टर होम की टीम ने मजदूर दिवस की शुभकामनाएं दीं और श्रमिकों को सरकारी योजनाओं, उनके अधिकारों और हेल्पलाइन नंबर की जानकारी दी। साथ ही, अधिकार संबंधी पर्चियां भी वितरित की गईं।

कार्यक्रम के समापन पर सभी उपस्थित श्रमिकों को उनके योगदान के लिए धन्यवाद और सम्मान दिया गया। साथ ही निर्माण कार्य से जुड़े श्रमिक सोहनलाल, शिवसागर, अनूप कुमार, शिवकुमार तथा आश्रय गृह पर सक्रिय भूमिका निभाने वाले भीमपाल और प्रदीप कुमार को संस्था द्वारा विशेष रूप से सम्मानित किया गया।