Tuesday , April 8 2025

भगवामय हुई लक्ष्मण नगरी, विशाल यात्रा में उमड़े राम भक्त, गूंजा जयश्री राम

  • श्रीराम नवमी पर भगवान श्रीराम के मन्दिर से युक्त नवीन श्रीहरि मन्दिर रथ का किया लोकार्पण
  • कपूरथला से लेकर खाटू श्याम मंदिर, गोमती तट तक जयश्री राम के जयघोष से गूंज उठा

लखनऊ (टेलीस्कोप टुडे संवाददाता)। भजनों पर झूमते भक्त और गुंजायमान होता जय श्रीराम के जयकारे। श्रीराम नवमी के अवसर पर लक्ष्मण नगरी जयश्री राम के जयघोष से गूंज उठी। मौका था भव्य भगवा यात्रा का। एकल अभियान से सम्बद्ध ग्राम स्वराज मंच द्वारा श्रीराम जन्मोत्सव के उपलक्ष्य पर रविवार शाम को अलीगंज स्थित कपूरथला चौराहे से विशाल भगवा यात्रा का शुभारंभ किया गया। 

यात्रा के शुभारंभ से पूर्व अमित श्रीवास्तव के नेतृत्व में एकल अभियान की भजन टोली में शामिल खुशबू, बिंदिया, वंदना, अंकिता, अंबिका, श्वेता ने “श्रीराम जानकी बैठे हैं मेरे सीने में…”, “लहराएगा भगवा रंग पूरे हिंदुस्तान में…”, “जो राम के दीवाने है…” जैसे भजनों को प्रस्तुत कर सभी को झूमाया। 

प्रतिवर्ष की भांति इस वर्ष भी एकल अभियान की श्रीहरि मन्दिर रथ योजना द्वारा प्रस्तुत भगवान श्रीराम के मन्दिर से युक्त नवीन श्रीहरि मन्दिर रथ का लोकार्पण किया गया, जो 97वां रथ था। हनुमान मंदिर में यात्रा में सबसे आगे भगवान श्रीराम दरबार के मन्दिर से युक्त नवनिर्मित रथ के मन्दिर में संगठन की महिला समिति द्वारा पूजन-अर्चन के बाद यात्रा का शुभारंभ किया गया। 

सैकड़ों भक्तों के साथ भव्य शोभायात्रा कपूरथला से शुरू होकर नेहरू बाल वाटिका, निरालानगर, डालीगंज बाजार, घंटाघर, चौक, नक्खास, नादान महल रोड, अमीनाबाद, कैसरबाग, बारादरी होते हुए खाटू श्याम मंदिर, गोमती तट पर पहुंचकर सम्पन्न हुई। जगह जगह भक्तों ने पुष्पवर्षा कर यात्रा का भव्य स्वागत किया।

भगवा यात्रा में लखनऊ महानगर के 110 वार्डों से राम भक्तों ने जुड़कर विराट रूप दिया। इससे पहले यात्रा करीब 2 बजे अपराह्न श्री राम स्वरूप मैनेजमेंट कॉलेज के सामने ओमेगा अपार्टमेंट कैंपस (पार्क) से निकलकर अयोध्या मार्ग के रास्ते विभिन्न नगरों से जुड़ती हुई यात्रा कपूरथला पहुंची।

इस यात्रा में हिन्दू समाज के विभिन्न मत, पथ, सम्प्रदायों के राम भक्त सम्मिलित हुए। श्री रैदास मन्दिर स्थानीय सिख समाज, बौद्ध समाज सहित अनेक मतों को मानने वाले राम भक्त भी यात्रा में शामिल हुए। लखनऊ नगर की निर्बल वर्ग की बस्तियों के रामभक्त की भी बड़ी संख्या में यात्रा में सहभागिता रही। 

आयोजकों के अनुसार भगवा यात्रा का उद्देश्य न केवल धार्मिक आस्था को सशक्त करना है, बल्कि युवाओं और समाज में राष्ट्र भाव का जागरण भी प्रमुख है। ज्ञात हो कि एकल अभियान से सम्बद्ध एकल श्रीहरि वनवासी विकास ट्रस्ट द्वारा राजधानी के सभी क्षेत्रों में भजन संध्या के आयोजन का क्रम विगत 15 दिनों से चल रहा है। 

एकल अभियान सम्पूर्ण भारत के ग्रामीण एवं वनवासी क्षेत्रों के 01 लाख से अधिक गांवों में समग्र विकास हेतु विगत 35 वर्षों से प्रयत्नशील है। भारत सरकार द्वारा 2017 का गांधी शान्ति पुरस्कार प्राप्त यह अभियान भारत के 398 जिलों के ग्रामीण क्षेत्र में सफलतापूर्वक चल रहे एकल विद्यालयों द्वारा पंचमुखी शिक्षा के माध्यम से समाज जागरण का सफल प्रयास किया जा रहा है। 

भगवा यात्रा में सुषमा खर्कवाल (महापौर, लखनऊ), सत्येन्द्र कुमार (राष्ट्रीय संयोजक, ग्राम स्वराज मंच), डॉ. नीरज बोरा (विधायक, लखनऊ उत्तर विधान सभा), वरिष्ठ समाजसेविका बिंदु बोरा, भीम अग्रवाल, अर्जुन अग्रवाल, राघव अग्रवाल, कविता अग्रवाल, धर्मेन्द्र दास जी महराज (श्री महन्त, बड़ा उदासीन अखाड़ा, लखनऊ), श्री कौशल (प्रान्त प्रचारक, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ), माधवेन्द्र सिंह (राष्ट्रीय संगठन प्रभारी, एकल अभियान), भूपेन्द्र अग्रवाल (अध्यक्ष, लखनऊ चैप्टर), आशीष अग्रवाल (मन्त्री, लखनऊ चैप्टर), नीरज सिंह (वरिष्ठ भाजपा नेता), आनन्द द्विवेदी (नगर अध्यक्ष, भाजपा), रणवीर सिंह (भाग संघचालक, दक्षिण भाग), मनोज सिंह (भगवा यात्रा संयोजक), प्रशांत भाटिया, पूनम तिवारी व टोली, गुरुमीत सिंह और डॉ. वीरेंद्र कुमार (मीडिया प्रभारी) आदि मौजूद रहे।