Tuesday , April 1 2025

सीवर सफाई से जुड़े आधुनिक उपकरणों की लगाई प्रदर्शनी

लखनऊ (टेलीस्कोप टुडे संवाददाता)। उत्तर प्रदेश सरकार की ‘सेवा, सुरक्षा और सुशासन की नीति’ के 8 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर इंदिरा गाँधी प्रतिष्ठान में केंद्र एवं प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं पर आधारित प्रदर्शनी लगाई गई। जिसका उद्घाटन मुख्य अतिथि उप मुख्यमंत्री बृजेश पाठक ने किया। इस मौके पर विधायक राजेश्वर सिंह और डॉ. नीरज बोरा भी उपस्थित रहे।

प्रदर्शनी में प्रदेश सरकार के विभिन्न विभागों के स्टॉल लगाए गए, जहां सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी जा रही है। जलकल विभाग और सुएज इंडिया द्वारा भी शहर में सीवर सफाई से जुड़े आधुनिक उपकरणों की प्रदर्शनी लगाई गई।

सरोजिनी नगर के विधायक श्री राजेश्वर सिंह ने जलकल विभाग के स्टॉल का दौरा कर सीवर सफाई में उपयोग किए जाने वाले सुरक्षा उपकरणों और उनकी कार्यप्रणाली को समझा। इस अवसर पर जलकल विभाग के महाप्रबंधक कुलदीप सिंह, सुएज इंडिया के सेफ्टी मैनेजर पंकज सिंह ने प्रदर्शनी में आए व्यक्तियों को सीवर सफाई के दौरान अपनाई जाने वाली सुरक्षा प्रक्रियाओं की विस्तृत जानकारी दी।

इस प्रदर्शनी के माध्यम से लखनऊ के नागरिकों को भी सरकार की योजनाओं और सफाई कार्यों में आधुनिक तकनीकों की भूमिका के बारे में जागरूक किया जा रहा है।