Tuesday , March 18 2025

महिलाओं को क्यों होती है यूरिन लीक की समस्या

  • सी थ्री के वर्कशॉप में एक्सपर्ट्स ने बताए बचाव और इलाज के आसान तरीके

लखनऊ (टेलीस्कोप टुडे संवाददाता)। महिलाओं के स्वास्थ्य और सशक्तिकरण के लिए समर्पित सी थ्री फिजियो एंड योगा सर्विसेज और मॉमली द्वारा एक वुमन वेलनेस वर्कशॉप का आयोजन किया गया। यह वर्कशॉप सी थ्री फिजियो एवं योगा सर्विसेज की महानगर ब्रांच में आयोजित की गई थी, जहां विशेषज्ञों ने महिलाओं के स्वास्थ्य और फिटनेस से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा की।

वर्कशॉप में स्त्री रोग, ऑन्कोलॉजी, प्रसव से पहले और प्रसव के बाद के फिटनेस से जुड़े स्वास्थ्य संबंधी मुद्दों पर विस्तृत चर्चा हुई। डॉ. वंदिता खन्ना, डॉ. अश्मीना खालसा और डॉ. फराह अरशद ने सर्वाइकल कैंसर की रोकथाम, बीमारी की शुरुआती पहचान और वैक्सीन के महत्व पर विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने महिलाओं को इसके लिए नियमित स्वास्थ्य जांच कराने की सलाह दी, ताकि इस घातक बीमारी से समय रहते बचाव किया जा सके।

फिजियोथेरेपिस्ट नैन्सी शर्मा ने पेल्विक फ्लोर हेल्थ पर जोर देते हुए बताया कि मूत्र असंयम (यूरिनरी इंकोन्टिनेंस) और कमजोर पेल्विक मांसपेशियां कई महिलाओं को प्रभावित करती हैं, लेकिन सही व्यायाम और थेरेपी से इसे नियंत्रित किया जा सकता है। उन्होंने पेल्विक फ्लोर की सेहत सुधारने के लिए योग, पिलेट्स और फिजियोथेरेपी अपनाने की सलाह दी।

सी थ्री फिजियो एवं योगा सर्विसेज की निदेशक और पिलेट्स विशेषज्ञ डॉ. रजनी मंध्यान ने महिलाओं को स्वस्थ और फिट रहने की प्रेरणा दी। उन्होंने कहा कि नियमित व्यायाम और संतुलित जीवनशैली अपनाकर महिलाएं अपने स्वास्थ्य को बेहतर बना सकती हैं और कई स्वास्थ्य समस्याओं से अपना बचाव कर सकती हैं।

नेहा सोंधी ने भी महिलाओं के स्वास्थ्य और कल्याण पर अपने विचार साझा किए और बताया कि सही आहार और मानसिक स्वास्थ्य प्रबंधन से महिलाओं का संपूर्ण स्वास्थ्य बेहतर बना रह सकता है।

इस वर्कशॉप में विभिन्न आयु वर्ग की महिलाओं ने भाग लिया और विशेषज्ञों से अपने स्वास्थ्य से जुड़े मुद्दों पर परामर्श लिया। सी थ्री फिजियो एवं योगा सर्विसेज और मॉमली ने इस आयोजन के माध्यम से महिलाओं को अपने स्वास्थ्य को प्राथमिकता देने और सभी के लिए एक स्वस्थ व समान समाज बनाने का संकल्प दोहराया।