लखनऊ (टेलीस्कोप टुडे संवाददाता)। सुएज इंडिया ने अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस को खास बनाने के लिए अपने महिला सहकर्मियों, माँ, बहन, बेटी और पत्नी के नाम पर पौधरोपण अभियान चलाया। इस अनूठी पहल के तहत पुरुष कर्मचारियों ने भी महिलाओं के सम्मान में पौधे लगाकर पर्यावरण संरक्षण और महिला सशक्तिकरण का संदेश दिया। इसके अलावा सुएज इंडिया ने ललित कला अकादमी की फाइन आर्ट की छात्राओं को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित भी किया।
एसआर ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशन् की असिस्टेंट प्रोफेसर ईशा मिश्रा ने सुएज इंडिया की इस पहल की सराहना की। उन्होंने कहा, “अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस पर महिलाओं के उत्थान के प्रति सुएज इंडिया हमेशा अग्रणी रहा है। मैं कई बार अपने संस्थान के छात्र-छात्राओं के साथ भरवारा एसटीपी प्लांट पर विजिट कर चुकी हूँ और यहाँ के अधिकारियों एवं कर्मचारियों का व्यवहार हमेशा विनम्र और सहयोगात्मक रहा है। यह दर्शाता है कि सुएज इंडिया महिलाओं के सम्मान और सशक्तिकरण को लेकर प्रतिबद्ध है।”
महिला सशक्तिकरण को लेकर सुएज इंडिया की प्रतिबद्धता
सुएज इंडिया के परियोजना निदेशक राजेश मठपाल ने कहा, “हर साल 8 मार्च को दुनियाभर में अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस मनाया जाता है। इस दिन की शुरुआत नारी शक्ति को आगे बढ़ाने, उनकी उपलब्धियों को मान्यता देने और उन्हें सशक्त बनाने के उद्देश्य से की गई थी। समाज में हर महिला संघर्ष कर रही है और हर कदम पर खुद को साबित कर रही है। हमारा कर्तव्य है कि हम उनके सहयोगी बनें और उन्हें वह सम्मान दिलाएं जिसकी वे हकदार हैं।”
इस अवसर पर सुएज इंडिया के कर्मचारियों ने महिला सशक्तिकरण, समानता और पर्यावरण संरक्षण के महत्व पर जोर दिया। महिलाओं के सम्मान में किया गया यह पौधरोपण अभियान एक सकारात्मक संदेश देने के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण की दिशा में भी एक महत्वपूर्ण कदम साबित होगा।