Sunday , February 2 2025

देश के मध्यम वर्गीय उद्यमियों को बढ़ावा देगा बजट :  संदीप बंसल

लखनऊ (टेलीस्कोप टुडे संवाददाता)। अखिल भारतीय उद्योग व्यापार मंडल के राष्ट्रीय अध्यक्ष संदीप बंसल, राष्ट्रीय मंत्री प्रदीप अग्रवाल, प्रदेश अध्यक्ष रिपन कंसल, प्रदेश संगठन मंत्री जावेद बेग, प्रदेश मीडिया प्रभारी एवं महानगर अध्यक्ष सुरेश छाबलानी सहित अन्य पदाधिकारियों ने बजट देखते हुए अपनी प्रतिक्रिया व्यक्त की।

संदीप बंसल ने कहाकि शानदार बजट केंद्रीय वित्त मंत्री द्वारा प्रस्तुत किया गया है। जिसके लिए वित्त मंत्री और प्रधानमंत्री बधाई के पात्र हैं। आयकर छूट की सीमा 12 लाख रुपए तक बढ़ाना सीधे तौर पर आम व्यक्ति को राहत देना है। जिसकी मांग कई वर्षों से निरंतर संगठन द्वारा की जा रही थी। इसके अतिरिक्त कस्टम ड्यूटी को कम किये जाने से कपड़ा, इलेक्ट्रिक वाहन, इलेक्ट्रॉनिक वस्तुए, मोबाइल सस्ते होंगे।

उन्होंने कहा कि शहरों के विकास के लिए एक लाख करोड़ रुपए की राशि की व्यवस्था किया जाना, टीसीएस 7 लाख से बढ़ाकर 10 लाख किया जाना, विदेश से प्राप्त आय पर टैक्स छूट बढ़ाना, 20000 करोड़ रुपए नए उद्योगों को स्थापित करने के लिए अतिरिक्त दिया जाना, बिहार के लिए मखाना बोर्ड बनाए जाने की योजना, देश के चमड़े और खिलौना उद्योग को बढ़ाने के लिए विशेष योजनाएं निश्चित रूप से उत्साहवर्धक है। 

संदीप बंसल ने कहा कि यह बजट देश के मध्यम वर्गीय उद्यमियों को बढ़ावा देगा, जिससे देश की अर्थव्यवस्था को रफ्तार मिलेगी। आयकर की छूट 12 लाख रुपए तक बढ़ने से देश के आम व्यक्ति की खरीद की शक्ति बढ़ेगी। जिससे उद्योग और व्यापार बढ़ेगा युवाओं, किसानों, महिलाओं के लिए विभिन्न योजनाओं के माध्यम से देश को निश्चित रूप से और बड़ी अर्थव्यवस्था बनने में सहायता होगी।