कार्यों में ढिलाई बर्दाश्त नहीं, समस्याओं का हो त्वरित निदान : डा. नीरज बोरा
लखनऊ (टेलीस्कोप टुडे संवाददाता)। लखनऊ उत्तर विधानसभा क्षेत्र से सम्बंधित जनहित के कार्यों को लेकर विधायक डा. नीरज बोरा ने नगर निगम, जलकल और जल निगम के अधिकारियों को बुलाकर समीक्षा की। गुरुवार को सीतापुर रोड स्थित कार्यालय में आहूत समीक्षा बैठक में सीवर, नाली, पेयजल, अतिक्रमण से जुड़े बिन्दुओं की मदवार चर्चा कर अधिकारियों की जवाबदेही निर्धारित की गई। नवम्बर माह में हुई समीक्षा बैठक के बिन्दुओं पर ठोस कार्यवाही न होने से नाराज विधायक ने अप्रसन्नता दिखाई।

कतिपय कार्यों को लेकर बैठक में प्रस्तुत गलत रिपोर्ट गुमराह करने वाला बताते हुए उन्होंने कहा कि कार्य में ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जायेगी। गुड़ियन टोला डालीगंज तथा फतेपुर अलीगंज में सीवर लाइन डालने के प्रकरण में कार्यवाही न किये जाने, दाउदनगर में सामुदायिक केन्द्र हेतु जमीन हस्तांतरण, डालीगंज रेलवे स्टेशन की सड़क व सीतापुर रोड पर हुए अतिक्रमण, अवैध रुप से लग रही बकरा मंडी, केशव नगर पुलिस चौकी के पास सड़क पैचिंग आदि विभिन्न कार्यों को लेकर अपर नगर आयुक्त अरुण गुप्ता ने जलकल, जल निगम और सुएज के अधिकारियों को कड़ी फटकार लगाई। चेतावनी देते हुए कहा कि सभी बिन्दुओं पर अगले बीस दिन में कार्यवाही सुनिश्चित होनी चाहिए।

बैठक में विधायक डा. नीरज बोरा ने कहा कि अधिकारी अपना ध्यान कार्य को टालने की बजाय उसे समय से पूरा करने पर फोकस करें। अपने कार्यों का अनुश्रवण भी करें। विकास कार्यों का त्वरित समाधान होना चाहिए। जनता को असुविधा न हो इसका ध्यान रखा जाय। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और नगर विकास मंत्री एके शर्मा नगरीय क्षेत्रों के समग्र विकास के लिए तत्पर हैं। कार्य में धन की कमी नहीं आने दी जायेगी। कार्यों की गुणवत्ता भी सुनिश्चित होनी चाहिए।

समीक्षा बैठक में अपर नगर आयुक्त अरुण गुप्ता, जल निगम के महाप्रबन्धक शमीम अख्तर, आरआर प्रभारी मनोज, नगर निगम के अधिशासी अभियन्ता संजय पाण्डेय, जलकल विभाग जोन तीन की अधिशासी अभियन्ता शशि गुप्ता, जोन छः के अधिशासी अभियन्ता अनिल राजपूत, जल निगम के अधिशासी अभियन्ता मनोज गौतम, वेंडिग जोन के अधिशासी अभियन्ता राजीव शर्मा, जोन तीन के जोनल अधिकारी अमरजीत यादव, जोन छः के जोनल अधिकारी मनोज यादव, जोनल सेनेटरी आफिसर रामसकल यादव, सुएज के प्रतिनिधि अश्विनी डोगरा सहित अन्य अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित रहे।
Telescope Today | टेलीस्कोप टुडे Latest News & Information Portal